Assam Flood: बाढ़ चली गई, लेकिन पीछे छोड़ गई तबाही के निशान, 25 जिलों के 22 लाख लोगों पर टूटा प्रकृति का कहर
Jun 27 2022, 10:33 AM ISTगुवाहाटी, असम. असम में बाढ़ की स्थिति(flood situation in Assam) में सुधार हुआ है। हालांकि 25 जिलों में 5 और लोगों की मौत हो गई। करीब 22 लाख से अधिक लोग बाढ़ की चपेट में आए हैं। असम स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (ASDMA) के बुलेटिन के अनुसार, बारपेटा, कछार, दरांग, करीमगंज और मोरीगांव जिलों के विभिन्न स्थानों पर चार बच्चों सहित पांच लोग डूब गए। राज्य में बाढ़ और भूस्खलन में मरने वालों की कुल संख्या 126 हो गई है। बाजाली, बक्सा, बारपेटा, कछार, चिरांग, दरांग, धेमाजी, धुबरी, डिब्रूगढ़, गोलपारा, गोलाघाट, हैलाकांडी, नलबाड़ी, सोनितपुर, दक्षिण सालमारा, तामूलपुर और उदलगुरी जिलों में बाढ़ के कारण 22,21,500 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। लगभग सात लाख लोगों के साथ बरपेटा सबसे बुरी तरह प्रभावित है। इसके बाद नागांव (5.13 लाख लोग) और कछार (2.77 लाख से अधिक लोग) हैं। कछार, डिब्रूगढ़ और मोरीगांव जिलों में कई स्थानों पर भी बाढ़ देखी गई।