Shubham Kumar JEE Main 2026 Success Story: बिहार के शुभम कुमार ने JEE Main 2026 में 300/300 स्कोर और ऑल इंडिया रैंक 3 हासिल कर कमाल कर दिया। जानिए हार्डवेयर दुकान चलाने वाले पिता के बेटे की जेईई मेन तैयारी की स्ट्रेटजी और सफलता की कहानी।

JEE Main 2026 Success Story: JEE Main 2026 सेशन 1 में बिहार, गया के शुभम कुमार ने 300 में 300 मार्क्स हासिल कर नई मिसाल कायम कर दी है। सामान्य परिवार से आने वाले शुभम ने अपनी लगन और दृढ़ संकल्प से न केवल बिहार बल्कि पूरे देश में अपनी पहचान बनाई। छोटे हार्डवेयर की दुकान चलाने वाले शिव कुमार और गृहिणी कंचन देवी के बेटे शुभम ने साबित कर दिया कि परिस्थितियां चाहे जैसी भी हों, सही दिशा में मेहनत करने वाला हर सपना हकीकत में बदल सकता है। जानिए जेईई मेन 2026 टॉपर बिहार के शुभम कुमार की प्रिपरेशन स्ट्रेटजी और सफलता की शानदार कहानी।

शुभम कुमार ने कक्षा 10 के बाद लिया जेईई की तैयारी का फैसला

शुभम ने अपनी शुरुआती पढ़ाई गया के एक निजी स्कूल से पूरी की। कक्षा 10 के बाद उन्होंने एक अहम फैसला लिया कि आराम और सामान्य पढ़ाई को छोड़कर पूरी तरह इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा की तैयारी में लग जाना। शुभम ने शुरुआत घर से की, जहां उन्होंने खुद को पूरी तरह पढ़ाई में समर्पित किया। बाद में, उन्होंने कोटा, राजस्थान का रुख किया, जिसे भारत का कोचिंग हब कहा जाता है। यहां उन्होंने पिछले दो सालों में दिन-रात मेहनत करते हुए JEE Main की तैयारी की।

कोटा में तैयारी के दौरान करना पड़ा आर्थिक कठिनाइयों का सामना

कोटा आने के समय शुभम के परिवार को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। लेकिन उनकी योजना, परिवार का सहयोग और आत्मविश्वास उन्हें हर मुश्किल से पार पाने में मददगार साबित हुआ। शुभम ने बताया कि उनके पढ़ाई का रूटीन बहुत सख्त था। रोजाना 10-12 घंटे पढ़ाई करना और महत्वपूर्ण रिवीजन व टेस्ट के समय 14 घंटे तक भी पढ़ाई करना आम बात थी। घर से दूर रहकर भी उन्होंने कभी हिम्मत नहीं हारी।

JEE Main 2026 में 100 पर्सेंटाइल और ऑल इंडिया रैंक 3

शुभम कुमार ने JEE Main 2026 में संपूर्ण 300 में से 300 अंक लेकर 100 पर्सेंटाइल हासिल किया और ऑल इंडिया रैंक 3 बनाई। बिहार से टॉप 10 में शामिल होने वाले वे अकेले छात्र हैं, जिसने राज्य का नाम रोशन किया। यह उपलब्धि कम ही छात्रों के हिस्से आती है। शुभम ने कहा कि लगातार मेहनत, अनुशासन और आत्म-विश्वास उनकी सफलता की कुंजी थी। उन्होंने अपने माता-पिता और शिक्षकों का भी आभार व्यक्त किया, जिन्होंने हर मुश्किल घड़ी में उनका साथ दिया और मार्गदर्शन किया। NTA ने JEE Main 2026 सेशन 1 के रिजल्ट 16 फरवरी को जारी किए। जारी टॉपर लिस्ट में शुभम कुमार उन 12 छात्रों में शामिल हैं जिन्होंने पूरे देश में Paper 1 (BE/BTech) में 100 पर्सेंटाइल हासिल किया।