Stock Market Big Fall 5 Reasons: शेयर बाजार में भारी गिरावट से निवेशकों को बड़ा झटका लगा है, जहां महज 2 घंटे में करीब ₹13 लाख करोड़ डूब गए। बढ़ते कच्चे तेल के दाम, विदेशी निवेशकों की बिकवाली और वैश्विक तनाव जैसे 5 बड़े कारण इस गिरावट के पीछे माने जा रहे हैं। 

Why Share Market is Down Today: हफ्ते के पहले ही दिन आज बाजार खुलते ही ऐसी गिरावट आई कि देखते ही देखते सेंसेक्स 1,819 पॉइंट नीचे गिर गया। सुबह 11:00 बजे तक बाजार में पैसा लगाने वालों के ₹13 लाख करोड़ पूरी तरह साफ हो गए। बाजार की इस 'सुनामी' में टाटा स्टील, SBI और HDFC बैंक जैसे बड़े दिग्गजों के शेयर भी 2-3% तक टूट गए हैं। अगर आप भी सोच रहे हैं कि आखिर बाजार में लगातार बड़ी गिरावट क्यों आ रही है, तो यहां जानिए 5 सॉलिड कारण...

ईरान-अमेरिका जंग का डर

दुनिया भर के बाजारों में इस वक्त सबसे बड़ा डर ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच चल रहे जंग को लेकर है। वीकेंड पर यह विवाद और गहरा गया और युद्ध लंबा चलने के संकेत मिले, जिससे निवेशकों में डर का माहौल बना। ऐसे हालात में निवेशकों ने अपना पैसा बाजार से निकाला।

कच्चे तेल की 'आग'

दुनिया का 20% कच्चा तेल जिस रास्ते (हॉर्मुज जलमार्ग) से आता है, जहां जंग बढ़ने से तेल की सप्लाई रुकने का खतरा पैदा हो गया है। इसी वजह से ब्रेंट क्रूड 113 डॉलर प्रति बैरल के पार निकल गया है। भारत अपनी जरूरत का ज्यादातर तेल बाहर से खरीदता है, इसलिए तेल महंगा होने का मतलब है, महंगाई बढ़ना और बाजार का गिरना है।

रुपया रिकॉर्ड निचले स्तर पर

एक तरफ शेयर बाजार गिर रहा है, तो दूसरी तरफ भारतीय रुपया भी दम तोड़ रहा है। आज रुपया गिरकर 93.84 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया। कमजोर रुपए की वजह से विदेशी निवेशक भारत से अपना पैसा निकाल रहे हैं, जिससे बाजार में बिकवाली और तेज हो गई है।

डीजल की कीमतों में इजाफा

आम आदमी के लिए एक और बुरी खबर यह रही कि सरकारी तेल कंपनियों ने इंडस्ट्रियल डीजल की कीमतों में 25% (करीब 22 रुपए प्रति लीटर) की भारी बढ़ोतरी कर दी है। इसका सीधा असर लॉजिस्टिक्स, इंफ्रास्ट्रक्चर और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर पर पड़ेगा, जिससे कंपनियों का मुनाफा घटेगा। इसी डर से इन सेक्टरों के शेयर आज धड़ाम हो गए।

विदेशी निवेशकों की 'बेवफाई'

विदेशी संस्थागत निवेशक (FIIs) लगातार भारतीय बाजार से अपना पैसा निकाल रहे हैं। अमेरिका में बॉन्ड यील्ड बढ़ने की वजह से उन्हें वहां पैसा लगाना ज्यादा सुरक्षित लग रहा है। मार्च में विदेशी निवेशक लगातार बिकवाली कर रहे हैं और 20 मार्च तक कुल 90,152 करोड़ रुपए निकाल चुके हैं। जब बड़े खिलाड़ी बाजार से बाहर निकलते हैं, तो छोटे निवेशकों के लिए टिक पाना मुश्किल हो जाता है।

डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी और जागरूकता के उद्देश्य से लिखा गया है। इसमें दी गई जानकारी निवेश सलाह (Investment Advice) नहीं है। शेयर बाजार में निवेश जोखिम के अधीन है। किसी भी स्टॉक, म्यूचुअल फंड या अन्य निवेश से जुड़ा निर्णय लेने से पहले अपने फाइनेंशियल एडवाइजर या मार्केट एक्सपर्ट से सलाह जरूर लें।