Israel Iran ceasefire: इजरायल और ईरान के बीच 12 दिनों से चल रहा युद्ध थमने की खबर। डोनाल्ड ट्रंप ने युद्धविराम की घोषणा की। दोनों देशों ने अंतिम मिशन पूरे करने के बाद युद्ध रोकने पर सहमति जताई।
Israel Iran Conflict: 13 जून से इजरायल और ईरान के बीच चल रही जंग (Israel Iran War) थम सकती है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने घोषणा की है कि इजरायल और ईरान दोनों पूर्ण युद्ध विराम समझौते पर पहुंच गए हैं। पहले ईरान फिर 12 घंटे बाद इजरायल युद्ध विराम करेगा। ट्रंप ने कहा है कि 12 दिन से चल रही लड़ाई खत्म हो जाएगी।
ट्रुथ सोशल पर पोस्ट कर ट्रंप ने कहा, "सभी को बधाई! इजरायल और ईरान के बीच इस बात पर पूरी तरह सहमति बन गई है कि पूर्ण युद्धविराम होगा।"
ट्रंप के अनुसार, दोनों देशों द्वारा अपने "अंतिम मिशन" पूरे करने के लगभग 6 घंटे बाद युद्ध विराम शुरू हो जाएगा। ईरान युद्ध विराम की पहल करेगा और उसके 12 घंटे बाद इजरायल युद्ध विराम करेगा। युद्ध को आधिकारिक तौर पर 24 घंटे बाद खत्म माना जाएगा।
ट्रंप ने कहा, "12 दिन के युद्ध के आधिकारिक अंत का दुनिया भर में स्वागत किया जाएगा। प्रत्येक युद्ध विराम के दौरान, दूसरा पक्ष शांतिपूर्ण और सम्मानजनक बना रहेगा। मैं दोनों देशों, इजरायल और ईरान को बधाई देना चाहूंगा।"
डोनाल्ड ट्रंप ने लड़ाई बंद करने के लिए इजरायल और ईरान की तारीफ की
डोनाल्ड ट्रंप ने लड़ाई खत्म करने के लिए इजरायल और ईरान की तारीफ की। कहा, "यह एक ऐसा युद्ध है जो सालों तक चल सकता था। यह पूरे मध्य पूर्व को नष्ट कर सकता था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ और कभी नहीं होगा! ईश्वर इजरायल को आशीर्वाद दें, ईश्वर ईरान को आशीर्वाद दें, ईश्वर मध्य पूर्व को आशीर्वाद दें, ईश्वर अमेरिका को आशीर्वाद दें, और ईश्वर दुनिया को आशीर्वाद दें!"
कतर की मध्यस्थता में युद्ध विराम तक पहुंचे ईरान-इजरायल
ईरान और इजरायल के बीच युद्ध विराम कतर की मध्यस्थता में हुआ है। रायटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल थानी ने इजरायल और ईरान के बीच संघर्ष में अमेरिका द्वारा प्रस्तावित युद्ध विराम के लिए तेहरान की सहमति सुनिश्चित की।
यह कदम अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस द्वारा कतर के अमीर से संपर्क करने के बाद उठाया गया। उन्होंने सोमवार को कतर में अमेरिकी एयरबेस पर ईरानी मिसाइल हमलों के बाद मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव को कम करने में मदद करने का आग्रह किया था।