यूपी चुनाव 2022: प्रियंका गांधी ने जारी किया कांग्रेस का जन घोषणा पत्र 'उन्नति विधान'
घोषणापत्र के अहम बिंदुओं की जानकारी देते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि किसानों का पूरा कर्ज माफ होगा। यह कर्जमाफ सरकार बनने के 10 दिन के भीतर होगा। जिन परिवारों पर कोरोना की मार पड़ी है उन्हें 25 हजार रुपए दिए जाएंगे। इसी के साथ 20 लाख सरकारी नौकरी दी जाएगी। छत्तीसगढ़ की तरह हमारी सरकार बनते ही किसानों के कर्ज माफ किए जाएंगे।
लखनऊ: कांग्रेस महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने बुधवार 9 फरवरी 2022 को कांग्रेस का घोषणापत्र जारी किया। यूपी कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय पर यह घोषणापत्र जारी किया गया। पार्टी ने इसे 'उन्नति विधान' नाम दिया है।
घोषणापत्र के अहम बिंदुओं की जानकारी देते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि किसानों का पूरा कर्ज माफ होगा। यह कर्जमाफ सरकार बनने के 10 दिन के भीतर होगा। जिन परिवारों पर कोरोना की मार पड़ी है उन्हें 25 हजार रुपए दिए जाएंगे। इसी के साथ 20 लाख सरकारी नौकरी दी जाएगी। छत्तीसगढ़ की तरह हमारी सरकार बनते ही किसानों के कर्ज माफ किए जाएंगे। धान और गेहूं 2500 रुपये प्रति क्विंटल और गन्ना 400 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जाएगा। बिजली का बिल आधा किया जाएगा और कोरोना काल का बकाया माफ किया जाएगा।
कोरोना प्रभावित परिवारों को 25 हजार की मदद
कोरोना महामारी से सबसे अधिक प्रभावित परिवारों को 25,000 रुपये की आर्थिक मदद प्रदान की जाएगी। पुलिस, स्वास्थ्य सेवा और शिक्षा सहित सार्वजनिक क्षेत्र में 12 लाख का भारी-भरकम बैकलॉग भरा जाएगा। इसके अलावा आठ लाख और नौकरियां दी जाएंगी।
छोटे उद्यमों को पहुंचाई जाएगी मदद
प्रियंका गांधी ने कहा कि बागपत में व्यापारी पति पत्नी ने जहर खाया और पत्नी की मौत भी हो गई। यह बेहद दुखद है। हम ऐसे छोटे व्यापारियों की मदद करना चाहते हैं। इसके लिए हम छोटे उद्यमों को क्लस्टर घोषित करेंगे और उन्हें सरकार की ओर से मदद पहुंचाई जाएगी।
'बढ़ाया जाएगा स्कूल रसोइयों का वेतन'
स्कूल रसोइयों का वेतन बढ़ाकर 5000 किया जाएगा। कोरोना में जान गंवाने वाले कोविड योद्धाओं को 50 लाख का मुआवजा दिया जाएगा। एडहॉक शिक्षकों और शिक्षा मित्रों को अनुभव और नियमों के आधार पर नियमित किया जाएगा।