2 फरवरी 2022: पडरौना सीट से उम्मीदवार नहीं बने स्वामी प्रसाद मौर्य, देखिए यूपी चुनाव से जुड़ी आज की बड़ी खबरें
उत्तर प्रदेश में आज पूरे दिन सियासी हलचल बनी रही। हाल ही में सपा में शामिल हुए स्वामी प्रसाद मौर्या को पडरौना से उम्मीदवार नहीं बनाया गया है। आइए आपको विस्तार से बताते हैं आज की बड़ी खबरें-
उत्तर प्रदेश में आज पूरे दिन सियासी हलचल बनी रही। हाल ही में सपा में शामिल हुए स्वामी प्रसाद मौर्या को पडरौना से उम्मीदवार नहीं बनाया गया है। आइए आपको विस्तार से बताते हैं आज की बड़ी खबरें-
1- स्वामी प्रसाद मौर्या को पडरौना से नहीं बनाया गया उम्मीदवार
समाजवादी पार्टी की ओर से स्वामी प्रसाद मौर्या को कुशीनगर की फाजिलनगर सीट से चुनावी मैदान में उतारा गया है। माना जा रहा है कि स्वामी प्रसाद मौर्य को बीजेपी के RPN दांव की वजह से सीट बदलनी पड़ी है।
2- पूर्व कैबिनेट मंत्री अभिषेक मिश्रा सरोजिनीनगर सीट से लड़ेंगे चुनाव
अखिलेश सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे अभिषेक मिश्रा को समाजवादी पार्टी ने लखनऊ की सरोजिनीनगर सीट से प्रत्याशी बनाया है। लखनऊ उत्तर से अभिषेक मिश्रा की जगह पार्टी ने पूजा शुक्ला को टिकट का ऐलान किया था।
3- बेटे को नहीं पत्नी को मिला टिकट तो केंद्रीय मंत्री नाराज होकर पहुंचे दिल्ली
बीजेपी की लिस्ट सामने आने के बाद केंद्रीय मंत्री की नाराजगी सामने आई है। मलिहाबाद सीट से बेटे के लिए टिकट की मांग कर रहे केंद्रीय राज्यमंत्री कौशल किशोर की पत्नी और मौजूदा विधायक जयदेवी कौशल को भाजपा ने फिर से प्रत्याशी बनाया। इससे नाराज कौशल किशोर दिल्ली के लिए रात में ही रवाना हो गए।
4- गोद लिए गांव में पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री, झेलनी पड़ी नाराजगी
बुलंदशहर में अपने ही गोद लिए गांव में वोट मांगने पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री को लोगों की नाराजगी का सामना करना पड़ा। भाजपा प्रत्याशी के लिए प्रचार करने पहुंचे पूर्व केन्द्रीय मंत्री डॉ महेश शर्मा के सामने ग्रामीणों की नाराजगी दिखने को मिली। ग्रामीणों ने महेश शर्मा से स्पष्ट कह दिया कि भाजपा प्रत्याशी को गांव से पांच वोट भी नहीं मिलेंगे। ग्रामीणों का आरोप है कि सांसद ने गांव को गोद लेकर कभी यहां झांकने तक नहीं आए।
5- टिकट कटने के बाद स्वाति सिंह ने कहा मैं पार्टी के साथ हूं
सरोजिनीगर विधानसभा क्षेत्र से विधायक और योगी सरकार में मंत्री स्वाति सिंह का टिकट यूपी चुनाव के लिए कट गया है। उनकी जगह राजेश्वर सिंह को सरोजिनीनगर सीट से प्रत्याशी बनाया गया है। हालांकि टिकट कटने के बाद स्वाति सिंह ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह पार्टी के फैसले के साथ है। उनका रोम-रोम भाजपा के साथ है। पार्टी ने जिसे भी विधानसभा से टिकट दिया है वह उसे जीत दिलाने के लिए संकल्पित हैं।
6- कांग्रेस की स्टार प्रचारक लिस्ट से सोनिया गांधी और पूर्व पीएम मनमोहन सिंह का नाम गायब
कांग्रेस की ओर से जारी की गई स्टार प्रचारकों की संशोधित लिस्ट से सोनिया गांधी और पूर्व पीएम मनमोहन सिंह का ही नाम गायब दिखा। ज्ञात हो की पूर्व की लिस्ट में यह दोनों ही नाम मौजूद थे। हालांकि पूर्व में सामने आई लिस्ट के बाद स्टार प्रचारक बनाए गए कांग्रेस के नेता ने बीजेपी की सदस्यता ले ली थी।
7- केशव बोले - सपा गठबंधन 24 करोड़ लोगों के लिए खतरा तो भाजपा गठबंधन सुरक्षा की गारंटी
यूपी चुनाव प्रचार के लिए मेरठ पहुंचे केशव प्रसाद मौर्य ने जनता को संबोधित करते हुए विपक्ष पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि यदि सपा गठबंधन यूपी की 24 करोड़ जनता के लिए खतरा है तो भाजपा गठबंधन यूपी की जनता के लिए सुरक्षा की गारंटी है। इस दौरान उन्होंने कहा कि 10 मार्च को जब रिजल्ट आएगा तो करहल में कमल खिलेगा।
8- चर्चा में सीएम योगी का बयान, कहा- यूपी में पहले भी आई थी दो लड़कों की जोड़ी
सीएम योगी आदित्यनाथ ने मेरठ में सभा के दौरान सपा आरएलडी गठबंधन को लेकर कहा कि इससे पहले भी चुनाव में दो लड़कों की जोड़ी आई थी, तब लोगों ने उन्हें ठेंगा दिखा दिया था। अब फिर दो लड़कों की जोड़ी आई है, जिनमे एक दंगा करा रहा था और दूसरा दिल्ली में बैठकर ताली बजा रहा था।
9- कांग्रेसी नेता आचार्य प्रमोद कृष्णन का बड़ा बयान, कहा- 'फर्जी था विकास दुबे का एनकाउंटर'
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने बिकरू कांड समेत सभी एनकाउंटरों को फर्जी बताया है। उन्होने कहा कि यदि हम सत्ता में आए तो सभी एनकांउटरों की जांच कराएंगे। इसके साथ खुशी दुबे पर लगे सभी सभी मुकदमों को वापस लेने का काम करेंगे। जांच में जो भी अधिकारी दोषी पाया जाएगा। उसकी खिलाफ सख्त से सख्त से कार्रवाई की जाएगी।
10- यूपी चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने जारी की 20 प्रत्याशियों की लिस्ट
आम आदमी पार्टी ने UP विधानसभा चुनाव के लिए 20 प्रत्याशियों की लिस्ट जारी की है। इस लिस्ट में में 7 ग्रेजुएट, 5 पोस्ट ग्रेजुएट, 2 डॉक्टर, 2 LLB, 1 पीएचडी उम्मीदवार शामिल है। पार्टी ने सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव लड़ने का ऐलान किया है और अभी तक 324 सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित कर चुकी है।