टिकट कटने से आहत सपा नेता राजा राजीव सिंह का हुआ था निधन, रानी ने बेटे को निर्दलीय चुनाव लड़ाने का किया ऐलान
समाजवादी पार्टी से टिकट न मिलने पर राजा राजीव कुमार सिंह को ऐसा आघात लगा कि वह बीमार हो गये और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी, जिसके बाद इस सीट पर राजा राजीव कुमार सिंह के बेटे रिंकू सिंह और समर्थकों ने अखिलेश यादव व समाजवादी पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। साथ ही राजा राजीव कुमार सिंह की पत्नी हड़ाहा स्टेट की राजमाता सुधा सिंह ने भी अब अपने हजारों समर्थकों के बीच पुत्र रितेश कुमार सिंह को दरियाबाद सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ाने की घोषणा कर दी है।
बाराबंकी: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से सटे बाराबंकी जिले की दरियाबाद विधानसभा सीट इन दिनों यूपी की राजनीति में चर्चा का केंद्र बन गई है। दरअसल इस विधानसभा सीट पर जैसे ही समाजवादी पार्टी ने अपने प्रत्याशी अरविंद सिंह गोप के लड़ने का ऐलान किया है, ठीक उसके बाद यहां से छह बार विधायक रहे राजा राजीव कुमार सिंह उर्फ राजा हड़ाहा ने पार्टी के खिलाफ बगावत कर दी। वह अपने बेटे रितेश कुमार सिंह उर्फ रिंकू सिंह के लिए इस सीट से टिकट मांग रहे थे। वहीं समाजवादी पार्टी से टिकट न मिलने पर राजा राजीव कुमार सिंह को ऐसा आघात लगा कि वह बीमार हो गये और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी, जिसके बाद इस सीट पर राजा राजीव कुमार सिंह के बेटे रिंकू सिंह और समर्थकों ने अखिलेश यादव व समाजवादी पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। साथ ही राजा राजीव कुमार सिंह की पत्नी हड़ाहा स्टेट की राजमाता सुधा सिंह ने भी अब अपने हजारों समर्थकों के बीच पुत्र रितेश कुमार सिंह को दरियाबाद सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ाने की घोषणा कर दी है।
राजा रितेश कुमार सिंह निर्दलीय लड़ेगें चुनाव
अब हड़हा स्टेट के नए राजा रितेश कुमार सिंह दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। वहीं, इस बीच राजा राजीव कुमार सिंह के घर पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का ताता लगा हुआ है। पूर्व मंत्री राजा रघुराज प्रताप सिंह, राजा शिवगढ़ राकेश प्रताप सिंह और बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने राजा साहब के पैतृक निवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। पूर्व मंत्री रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने राजा राजीव कुमार सिंह को श्रद्धांजलि देने के बाद उनके बेटे रिंकू को सलाह दी कि वे अपने पिता की तरह ही राजनीति में स्थान बनाने के लिए काम करें।