- Home
- Sports
- Cricket
- T20 वर्ल्ड कप की सभी 10 टीमों के बारे में जानें सबकुछ, कौन है सबसे पावरफुल-कौन है कमजोर
T20 वर्ल्ड कप की सभी 10 टीमों के बारे में जानें सबकुछ, कौन है सबसे पावरफुल-कौन है कमजोर
T20 World Cup Team Analysis: T20 वर्ल्ड कप 2026 में 20 टीमें हिस्सा ले रही हैं, लेकिन 10 टीमें ऐसी हैं जो खिताब की सबसे बड़ी दावेदार मानी जा रही हैं। भारत, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड से लेकर वेस्टइंडीज तक हर टीम की अपनी ताकत, कमजोरी और एक्स फैक्टर है...

भारत
सबसे पहले भारतीय टीम की बात की जाए जो आईसीसी T20 रैंकिंग में नंबर वन पोजीशन पर है। इस टीम में नंबर 8 तक बल्लेबाजी करने की ताकत है। शुरुआत में अभिषेक शर्मा और ईशान किशन तेज शुरुआत देने के साथ ही बड़ा स्कोर खड़ा कर सकते हैं। वहीं, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या, तिलक वर्मा, अक्षर पटेल जैसे खिलाड़ी भी टीम में मौजूद है। गेंदबाजी की बात की जाए तो जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सबसे भरोसेमंद डेथ ओवर बॉलर्स है। वरुण की मिस्ट्री और कुलदीप की विकेट टेकिंग स्पिन गेंद बल्लेबाजों को परेशान कर सकती है। वहीं, अक्षर पटेल किफायती गेंदबाज होने के साथ ही बल्लेबाजी भी कर सकते हैं। पिछले 1 साल में भारत ने 26 टी20 मैच खेले हैं। जिसमें उसे 20 में जीत मिली है 4 में हार और 2 मैच बेनतीजा भी रहे।
और पढ़ें- India vs USA T20 World Cup 2026: पहला मैच, नई टीम, 2 नई चुनौती
ऑस्ट्रेलिया
ऑस्ट्रेलिया की टीम में मिचेल मार्श जैसे कप्तान है, जो मिडिल ऑर्डर में तेज गति से रन बना सकते हैं। इसके अलावा जेवियर बार्टलेट, टिम डेविड, कैमरून ग्रीन जैसे प्लेयर हैं, जो मैच का रुख कभी भी बदल सकते हैं। हालांकि, टीम में ओपनिंग और टॉप ऑर्डर की चिंता बनी हुई है, क्योंकि शुरुआती ओवरों में विकेट गिरने से समस्या बढ़ सकती है। गेंदबाजी की बात करें तो पैट कमिंस और जोश हेजलवुड के बाहर होने से तेज गेंदबाजी कमजोर जरूर हुई है, लेकिन टीम में एडम जाम्पा है, जो मिडिल ऑर्डर में विकेट निकालने में माहिर है। पिछले 1 साल में ऑस्ट्रेलिया ने 19 T20 मैच खेले हैं, जिसमें उसे 10 में जीत 6 में हार और 3 मैच बेनतीजा रहे।
इंग्लैंड
इंग्लैंड में फिल साल्ट, जोश बटलर, हैरी ब्रुक और विल जैक्स जैसे बल्लेबाज हैं, जो अकेले दम पर मैच जिताने की ताकत रखते हैं। इसके अलावा युवा ऑलराउंडर जैकब बेथेल से बल्लेबाजी और गेंदबाजी में मदद मिलेगी। इंग्लैंड की टीम में आदिल रशीद जैसे स्पिन गेंदबाज है, लेकिन परेशानी की वजह ये है कि जोफ्रा आर्चर के अलावा कोई ऐसा तेज गेंदबाज नहीं है जिसे पूरी तरह भरोसेमंद कहा जा सके। पिछले एक साल में इंग्लैंड ने अब तक 18 T20 मैच खेले, जिसमें उसे 11 में जीत, 5 में हार मिली और 2 मैच बेनतीजा भी रहे।
न्यूजीलैंड
न्यूजीलैंड की सलामी बल्लेबाज फिन एलेन और टिम सीफर्ट टीम को शानदार शुरुआत दे सकते हैं। इसके अलावा रचिन रविंद्र, फिलिप्स, डैरिल मिचेल जैसे बल्लेबाज भी टीम में है। हालांकि, टीम में डेथ ओवर की गेंदबाजी चिंता का विषय बनी हुई है, क्योंकि गेंदबाज डेथ ओवरों में महंगे साबित हुए हैं। भारत के खिलाफ T20 सीरीज में भी न्यूजीलैंड को हार का सामना करना पड़ा। पिछले 1 साल में न्यूजीलैंड ने 27 T20 मैच खेले, जिसमें उसे 13 में जीत, 10 में हार मिली है। वहीं, 4 मैच बेनतीजा भी रहे।
साउथ अफ्रीका
साउथ अफ्रीका भी T20 वर्ल्ड कप की दमदार टीम रही है। 1 साल में उसने अब तक 21 मैच खेले, जिसमें उसे 8 में जीत और 13 में हार मिली है। डेथ ओवर में डेविड मिलर और ट्रिस्टन स्टब्स गेम को फिनिश करने की क्षमता रखते हैं। वहीं, क्विंटन डी कॉक और एडन मार्करम टॉप ऑर्डर बल्लेबाजी को संभाल सकते हैं। हालांकि, टीम में एक्सपीरियंस की कमी खल सकती है। गेंदबाजी में रबाडा, नोर्किया, लुंगी एनगिडी जैसे वर्ल्ड क्लास पेसर है। वहीं, स्पिन का जिम्मा केशव महाराज पर रहेगा।
T20 वर्ल्ड कप की अन्य दमदार टीमें
- T20 वर्ल्ड कप की अन्य टीमों की बात की जाए तो नंबर 6 पर पाकिस्तान है, जिसने 1 साल में सबसे ज्यादा 39 मैच खेले हैं, जिसमें उसे 25 में जीत और 14 में हार का सामना करना पड़ा है।
- सातवें नंबर पर श्रीलंका है, जिसने 2022 से T20 का खिताब नहीं जीता है। पिछले साल उसे 23 मैचों में 10 में जीत और 13 में हार मिली है।
- अफगानिस्तान की टीम में शानदार स्पिन गेंदबाजी है। उसने पिछले साल से अब तक 18 मैच खेले हैं, जिसमें उसे 10 में जीत और 8 में हार मिली है।
- 9वें नंबर पर वेस्टइंडीज है, जिसमें लगभग सभी खिलाड़ी बल्लेबाजी करने की ताकत रखते हैं और किसी भी स्थिति में मैच को पलट सकते हैं। हालांकि, 2024 वर्ल्ड कप के बाद से टीम की जीत का रेशियो कम होता जा रहा है। 29 मैचों में उसे केवल 9 में जीत मिली है। 19 में हार और 1 मैच बेनतीजा रहा।
- 10वें नंबर पर जिंबाब्वे की टीम है। पिछले दो महीने से जो क्रिकेट के मैदान पर नहीं उतरी है। उसने पिछले साल 25 मैच खेले, जिसमें उसे 10 में जीत, 13 में हार मिली और 2 मैच बेनतीजा भी रहे।