14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने U-19 वर्ल्ड कप में 175 रन बनाए। उनकी सीनियर टीम में मांग है, पर ICC के नियम बाधा हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के लिए न्यूनतम उम्र 15 साल है, इसलिए वह मार्च 2026 से पहले नहीं खेल सकते।
हरारे: अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में इंग्लैंड को धूल चटाने वाले वैभव सूर्यवंशी की हर तरफ चर्चा हो रही है। इस 14 साल के लड़के की विस्फोटक बैटिंग देखकर क्रिकेट फैंस सवाल उठा रहे हैं, 'इसे टी20 वर्ल्ड कप में क्यों नहीं खिलाना चाहिए?' कई लोग कह रहे हैं कि अभिषेक शर्मा के साथ वैभव सूर्यवंशी की ओपनिंग जोड़ी कमाल कर सकती है। अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में सिर्फ 80 गेंदों में 175 रन बनाने वाले वैभव को सीनियर टीम में शामिल करने के लिए पूर्व खिलाड़ी भी जोर दे रहे हैं। लेकिन, BCCI चाहे भी तो फिलहाल यह मुमकिन नहीं है। यह सुनने में भले ही अजीब लगे, पर सच है।
आईसीसी का नियम बना रोड़ा
वैभव सूर्यवंशी को सीनियर टीम में चुने जाने की राह में सबसे बड़ी रुकावट आईसीसी का उम्र संबंधी नियम है। 2020 में आईसीसी ने एक नया नियम लागू किया था। इसके मुताबिक, सीनियर इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने के लिए खिलाड़ी की उम्र कम से कम 15 साल होनी चाहिए। वैभव का जन्म 27 मार्च 2011 को हुआ था। इसलिए, उन्हें 27 मार्च 2026 के बाद ही भारत की सीनियर टीम के लिए चुना जा सकता है। तब तक चयनकर्ता उन्हें नहीं चुन सकते।
अंडर-19 वर्ल्ड कप भी नहीं खेल पाएंगे
उम्र के हिसाब से देखें तो वैभव के पास 2028 और 2030 का अंडर-19 वर्ल्ड कप खेलने का मौका है। लेकिन, यहां BCCI का 'एक टूर्नामेंट' वाला नियम आड़े आ जाता है। BCCI की पॉलिसी के मुताबिक, अगर कोई खिलाड़ी एक बार अंडर-19 वर्ल्ड कप खेल लेता है, तो वह दोबारा उसी टूर्नामेंट में नहीं खेल सकता। जूनियर लेवल पर उम्र की धोखाधड़ी को रोकने, ज्यादा खिलाड़ियों को मौका देने और युवा टैलेंट को सीनियर लेवल के लिए तैयार करने के मकसद से BCCI ने 2016 से यह नियम सख्ती से लागू किया है। इसलिए, वैभव 2028 का अंडर-19 वर्ल्ड कप नहीं खेल पाएंगे।
कल हुए फाइनल में वैभव ने 80 गेंदों में 175 रन बनाकर अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में सबसे बड़े व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड बनाया। इस मैच में वैभव ने सिर्फ बाउंड्री और सिक्स से ही 150 रन बना डाले। इसी मैच में 15 छक्के लगाकर, उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में कुल 30 छक्के जड़े और एक ही एडिशन में सबसे ज्यादा सिक्स लगाने वाले खिलाड़ी भी बन गए।
पहले ही अंडर-19 वर्ल्ड कप में वैभव ने बनाए कई रिकॉर्ड
वैभव सूर्यवंशी ने अपने पहले ही अंडर-19 वर्ल्ड कप में रनों का अंबार लगाकर सबका ध्यान खींचा है। भारत के लिए सात मैच खेलते हुए वैभव ने 62.71 की शानदार औसत और 169.50 के स्ट्राइक रेट से तीन अर्धशतक और एक शतक के साथ 439 रन बनाए। इसके साथ ही वह टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर रहे। इंग्लैंड के बेन मेस 444 रन बनाकर पहले स्थान पर रहे। इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल में तूफानी शतक जड़ने वाले वैभव सूर्यवंशी को 'मैन ऑफ द मैच' का अवॉर्ड मिला। इतना ही नहीं, पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए वैभव सूर्यवंशी ने अंडर-19 वर्ल्ड कप में 'मैन ऑफ द सीरीज' का खिताब भी जीता।
