T20 वर्ल्ड कप 2026 में 7 फरवरी को भारत और यूएसए आमने-सामने है। यह मुकाबला खास है, क्योंकि भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव और अमेरिकी ऑलराउंडर शुभम रंजने करीबी दोस्त हैं। बता दें कि रंजने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में काफी खेले हैं। 

Who is Shubham Ranjane: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 7 फरवरी को भारत और अमेरिका (USA) के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मुकाबला खेला जा रहा है। यह मैच इसलिए भी अहम है क्योंकि इसमें दो पुराने और पक्के दोस्त एक-दूसरे के खिलाफ मैदान में आमने-सामने हैं। एक तरफ जहां भारतीय टीम के कैप्टन सूर्यकुमार यादव हैं, तो दूसरी ओर अमेरिका के ऑलराउंडर शुभम रंजने।

सूर्य कुमार यादव vs शुभम रंजने

सूर्यकुमार यादव और शुभम रंजने के बीच काफी गहरी दोस्ती है। दोनों ने लंबे समय तक साथ क्रिकेट खेला है और मैदान के बाहर भी अच्छा समय बिताया है। अब टी20 वर्ल्ड कप के बड़े मंच पर दोनों पहली बार एक-दूसरे के खिलाफ होंगे, जिसके चलते यह मैच और भी रोमांचक हो गया है।

मुंबई की घरेलू टीम के लिए खेल चुके शुभम रंजने

यह शुभम रंजने का पहला टी20 वर्ल्ड कप है। अमेरिका में बसने से पहले शुभम मुंबई की घरेलू टीम के लिए क्रिकेट खेल चुके हैं। उन्होंने बताया कि सूर्यकुमार यादव उनके खास दोस्त हैं और वह उन्हें बड़े भाई की तरह मानते हैं। रंजने के मुताबिक, सूर्या मेरे पक्के यार हैं। वो मेरे भाई की तरह हैं। हमने क्रिकेट के मैदान के बाहर भी बहुत समय साथ बिताया है। हम लंबी ड्राइव पर जाते थे, घूमते थे और खूब मजे करते थे। मेरे लिए वो क्रिकेटर से कहीं ज्यादा बड़े भाई और इंस्पिरेशन हैं।

कौन हैं शुभम रंजने?

शुभम रंजने 2022 में अमेरिका जाकर बस गए थे। 31 साल के शुभम लंबे शॉट खेलने के लिए जाने जाते हैं। इसके साथ ही वो मीडियत तेज गेंदबाजी भी करते हैं। उनके दादा वसंत रंजने ने 1958 से 1964 के बीच भारत के लिए 7 टेस्ट मैच खेले थे। वहीं, उनके पिता सुभाष रंजने भारत-A के लिए खेल चुके हैं और महाराष्ट्र के पूर्व तेज गेंदबाज रहे हैं। शुभम रंजने भारतीय क्रिकेट को अच्छी तरह समझते हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि वह इस समझ का इस्तेमाल करते हुए अमेरिका को जीत दिला पाते हैं या नहीं।

घरेलू क्रिकेट रिकॉर्ड

शुभम रंजने ने अब तक 15 फर्स्ट क्लास मैच खेले हैं। इनमें उन्होंने 595 रन बनाए और 12 विकेट लिए हैं। उनके नाम एक पारी में 5 विकेट लेने का रिकर्ड भी है। मुंबई में मैच को लेकर शुभम ने कहा, जब भी मैं मुंबई लौटता हूं, तो ऐसा लगता है जैसे घर आ गया हूं। मैंने अपनी पूरी क्रिकेट यहीं खेली है। इस बार बड़े मंच पर यहां खेलना मेरे लिए बहुत खास होगा।

वानखेड़े स्टेडियम की सबसे यादगार पारी

शुभम रंजने ने अपनी सबसे प्यारी याद शेयर करते हुए कहा, 2018 में बंगाल के खिलाफ सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का मैच था। नॉकआउट में पहुंचने के लिए हमें आखिरी गेंद पर चार रन चाहिए थे। मैंने रिवर्स स्कूप शॉट खेलकर टीम को जीत दिलाई थी। उस मैच में मैंने तीन विकेट भी लिए थे। यह वानखेड़े की मेरी सबसे खास याद है।

बुमराह और रंजने एक ही बैच के

शुभम रंजने और जसप्रीत बुमराह एक ही अंडर-19 बैच के खिलाड़ी रहे हैं। दोनों ने अंडर-19 स्तर पर एक-दूसरे के खिलाफ खेला है। रंजने के मुताबिक, मैं और बुमराह एक ही बैच के थे। उन्होंने गुजरात और मैंने महाराष्ट्र को रिप्रेजेंट किया। हम NCA कैंप में साथ रहते थे। उनके खिलाफ खेलना हमेशा रोमांचक होता है।