13 साल बाद राजस्थान रॉयल्स में लौटे रवींद्र जडेजा ने CSK के खिलाफ अपने 'गन फायर' सेलिब्रेशन का कारण बताया। उन्होंने कहा कि वह अपनी नई टीम के लिए भी यह जश्न जारी रखेंगे। मैच में उन्होंने 18 रन देकर 2 विकेट लिए।

गुवाहाटी: IPL के उन्नीसवें सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ शिवम दुबे को आउट करने के बाद रवींद्र जडेजा ने अपने 'गन फायर' सेलिब्रेशन के पीछे की वजह बताई है। यह जश्न काफी वायरल हो रहा है। बता दें कि जडेजा 13 साल तक चेन्नई से खेलने के बाद इस बार अपनी पुरानी टीम राजस्थान रॉयल्स में वापस लौटे हैं।

यह वाकया चेन्नई की पारी के आठवें ओवर में हुआ। जडेजा की गेंद पर शिवम दुबे ने शॉट खेला, जिसे रवि बिश्नोई ने लपक लिया। विकेट मिलते ही जडेजा ने अपने जाने-पहचाने 'गन फायर' अंदाज में जश्न मनाया। इस बारे में जडेजा ने जियो हॉटस्टार से कहा, "मैं चेन्नई के लिए खेलते हुए भी इस तरह जश्न मनाता था। तो मैंने सोचा कि जब मैं राजस्थान आ गया हूं, तो यहां भी इसे क्यों न जारी रखा जाए।"

रवींद्र जडेजा 2012 से 2025 तक चेन्नई सुपर किंग्स टीम का एक अहम हिस्सा थे। 2026 सीजन से पहले, CSK ने संजू सैमसन को अपनी टीम में शामिल करने के लिए एक ट्रेड किया, जिसमें जडेजा और सैम करन को राजस्थान रॉयल्स को सौंप दिया गया।

टीम बदलने पर जडेजा ने कहा, "12-13 साल तक किसी टीम के साथ खेलने के बाद उसे छोड़ना इमोशनली मुश्किल था। लेकिन मैंने महसूस किया कि यह सफर का एक हिस्सा है। मेरे लिए यह खुशी की बात है कि मैं अपनी पहली IPL ट्रॉफी जीतने वाली टीम में वापस आया हूं। अंडर-19 वर्ल्ड कप के बाद मेरा IPL का सफर यहीं से शुरू हुआ था। वो यादें हमेशा खास रहेंगी।"

View post on Instagram

इस मैच में जडेजा को बल्लेबाजी का मौका तो नहीं मिला, लेकिन उन्होंने अपनी पुरानी टीम के खिलाफ गेंद से कमाल दिखाया। उन्होंने तीन ओवर में सिर्फ 18 रन देकर सरफराज खान और शिवम दुबे के अहम विकेट चटकाए। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई की टीम 127 रन पर सिमट गई थी। जवाब में राजस्थान ने 47 गेंदें बाकी रहते हुए आठ विकेट से मैच जीत लिया।