आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच वानखेड़े स्टेडियम में अहम मुकाबला खेला जाएगा। हेड-टू-हेड में MI का दबदबा है। पिच बल्लेबाजों के लिए अनुकूल है और 200 रन का स्कोर सुरक्षित माना जा रहा है।
MI vs KKR IPL 2026 Match Today: आईपीएल 2026 में रविवार 29 मार्च को मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच एक अहम मुकाबला खेला जाएगा। यह मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होगा, जहां दोनों टीमें जीत के लिए पूरी ताकत झोंक देंगी। घरेलू मैदान और दर्शकों का समर्थन मुंबई इंडियंस के लिए बड़ा फायदा साबित हो सकता है। खास बात यह है कि वानखेड़े में KKR का रिकॉर्ड काफी कमजोर रहा है।
MI vs KKR Head-to-Head: किसका पलड़ा भारी?
आईपीएल में अब तक दोनों टीमों के बीच कुल 35 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इनमें मुंबई इंडियंस ने 24 मैच जीते हैं, जबकि कोलकाता नाइट राइडर्स को 11 जीत मिली है। अगर वानखेड़े स्टेडियम की बात करें, तो यहां दोनों टीमें 12 बार आमने-सामने आई हैं। इनमें से 10 मैच मुंबई ने जीते हैं और सिर्फ 2 मैच KKR जीत पाई है। यह आंकड़े साफ बताते हैं कि इस मैदान पर मुंबई का दबदबा रहा है।
वानखेड़े स्टेडियम पिच रिपोर्ट
वानखेड़े की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। यहां पूरे मैच के दौरान पिच का व्यवहार लगभग एक जैसा रहता है, इसलिए टॉस का असर ज्यादा नहीं दिखता। पिछले 20 नाइट T20 मैचों में टॉस जीतने वाली टीमों ने पहले गेंदबाजी (चेज) चुनी, लेकिन उनमें से केवल 9 मैच ही जीत सकीं। इस मैदान पर जीत के लिए पहली पारी में बड़ा स्कोर बनाना बेहद जरूरी है। सुरक्षित स्कोर 200 रन के आसपास माना जाता है।
वानखेड़े में कैसा है रिकॉर्ड?
वानखेड़े स्टेडियम में अब तक IPL के 123 मैच खेले गए हैं। इनमें से 57 मुकाबलों में पहली इनिंग में बैटिंग करने वाली टीम जीती है, जबकि 66 मैच में चेज करने वाली टीम को जीत मिली है। यहां का हाइएस्ट टीम स्कोर 235/1 है, जो रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 2015 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ बनाया था।
मुंबई का मौसम कैसा रहेगा?
29 मार्च को मुंबई का मौसम गर्म और उमस भरा रहने वाला है। रात के समय भी तापमान ज्यादा कम नहीं होगा। ऐसे में ओस पड़ने की संभावना बहुत कम है, जिससे दोनों टीमों को बराबरी की स्थिति मिल सकती है।
MI vs KKR: कोचों का बयान
- मुंबई इंडियंस के हेड कोच महेला जयवर्द्धने ने कहा: “इतिहास ज्यादा मायने नहीं रखता, असली बात यह है कि कल क्या होगा। दोनों टीमों में नए खिलाड़ी हैं और हमें जीत के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा।”
- वहीं, KKR के असिस्टेंट कोच शेन वाटसन ने कहा: “वानखेड़े स्टेडियम मुंबई का किला है। यहां उन्हें हराना आसान नहीं है, इसलिए हमें अपना बेस्ट देना होगा।”
मुंबई इंडियंस (MI) : संभावित प्लेइंग इलेवन
हार्दिक पंड्या (कप्तान), रोहित शर्मा, क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, नमन धीर, शेरफन रदरफोर्ड, दीपक चाहर, अल्लाह गजनफर/मिचेल सैंटनर, मयंक मारकंडे, जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बोल्ट।
कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) : संभावित प्लेइंग इलेवन
अजिंक्य रहाणे (कप्तान), फिन एलन (विकेटकीपर), कैमरन ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी, मनीष पांडे, रिंकू सिंह, रमनदीप सिंह, सुनील नरेन, वैभव अरोड़ा, वरुण चक्रवर्ती, उमरान मलिक, ब्लेसिंग मुजरबानी।


