ईरान-इजराइल तनाव के बीच इजराइली सेना लेबनान में घुस गई है। 59 इलाकों को खाली करने का आदेश दिया गया है। UNHCR के मुताबिक 30 हजार लोग बेघर हो चुके हैं। Hezbollah पर हमले जारी हैं, जबकि UAE ने 186 मिसाइल और 812 ड्रोन दागे जाने का दावा किया है।

Israel Warned Lebanon: ईरान के साथ चल रहे तनाव के बीच इजराइली सेना ने अब लेबनान में एंट्री शुरू कर दी है। इजराइली आर्मी ने लेबनान के 59 इलाकों में लोगों को तत्काल प्रभाव से खाली करने का आदेश दिया है। इससे आम लोगों में दहशत का माहौल है। बता दें कि लेबनान समर्थित आतंकी संगठन हिजबुल्लाह आए दिन इजराइल पर हमले करता है, जिसके जवाब में अब इजराइल बड़ा एक्शन लेने जा रहा है।

UNHCR रिपोर्ट: 30 हजार से ज्यादा लोग बेघर

UNHCR के मुताबिक, इजराइल और हिजबुल्लाह के बीच लड़ाई शुरू होने के बाद लेबनान में कम से कम 30,000 लोग अपने घर छोड़ चुके हैं। ये लोग राहत शिविरों में शरण ले रहे हैं। एजेंसी के प्रवक्ता ने बताया कि कई लोग अपनी गाड़ियों में या सड़कों के किनारे रात बिताने को मजबूर हैं। कुछ लोग अब भी ट्रैफिक जाम में फंसे हुए हैं और सुरक्षित स्थान तक नहीं पहुंच पाए हैं।

Hezbollah पर इजराइल की लगातार बमबारी

इजराइल ने लगातार दूसरे दिन लेबनान के उग्रवादी संगठन हिजबुल्लाह के ठिकानों पर हमले किए। सोमवार को हुए हमलों में 50 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है और 150 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। हिजबुल्लाह को ईरान समर्थक संगठन माना जाता है। संगठन ने ईरान के सुप्रीम लीडर की मौत के बाद इजराइल के हाईफा शहर के पास एक सैन्य ठिकाने पर ड्रोन और मिसाइल दागे थे।

ईरान: 4 दिन में 787 लोगों की मौतें

Iranian Red Crescent Society के अनुसार, पिछले 4 दिनों में 787 लोगों की मौत हो चुकी है। इस दौरान 153 शहरों को निशाना बनाया गया। दावा किया गया है कि इजराइल और अमेरिका के संयुक्त ऑपरेशन में कुल 504 जगहों पर 1,039 हमले किए गए। वहीं, कतर ने कहा है कि उसका हवाई क्षेत्र बंद होने की वजह से करीब 8,000 लोग ट्रांजिट में फंसे हुए हैं। ये लोग अलग-अलग देशों की यात्रा के दौरान एयरपोर्ट पर रुक गए हैं।

UAE पर 186 मिसाइल और 812 ड्रोन दागे गए

UAE के रक्षा मंत्रालय ने जानकारी दी है कि ईरान ने अब तक देश की ओर 186 मिसाइल और 812 ड्रोन दागे हैं। इनमें से 755 को मार गिराया गया है। मंत्रालय के अनुसार, एयर डिफेंस सिस्टम ने अधिकतर हमलों को नाकाम कर दिया। 186 मिसाइलों में से 172 को इंटरसेप्ट कर नष्ट किया गया, जबकि 13 मिसाइलें समुद्र में गिर गईं। रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि देश का एयर डिफेंस सिस्टम पूरी तरह सतर्क है और सुरक्षा के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।