Banda news UP: उत्तर प्रदेश के बांदा में एक दूल्हा अपनी शादी छोड़कर बारात के साथ कलेक्ट्रेट पहुंच गया। उसने सरकार से स्मार्ट मीटर बंद करने की मांग की। यह अनोखा विरोध अब सोशल मीडिया और इलाके में चर्चा का बड़ा विषय बन गया है।

Smart Meter Protest UP: शादी का दिन किसी भी इंसान की जिंदगी का सबसे खास दिन होता है। हर कोई चाहता है कि इस दिन की हर रस्म यादगार बने। लेकिन उत्तर प्रदेश के बांदा में एक दूल्हे ने अपनी शादी के दिन ऐसा कदम उठाया, जिसने पूरे जिले को हैरान कर दिया। दूल्हा अपनी बारात लेकर सीधे कलेक्ट्रेट पहुंच गया, और वजह ऐसी थी, जिसे सुनकर लोग चौंक गए।

शादी से पहले कलेक्ट्रेट पहुंची बारात

बांदा के कलेक्ट्रेट परिसर में सोमवार को अचानक एक अलग ही नजारा देखने को मिला। सिर पर सेहरा बांधे दूल्हा कुलदीप, घोड़ी और बारातियों के साथ सीधे जिला अधिकारी कार्यालय पहुंच गया। आम तौर पर जहां बारातें शादी स्थल की ओर बढ़ती हैं, वहीं इस बार बारात का रुख प्रशासनिक दफ्तर की ओर था। कलेक्ट्रेट में मौजूद अधिकारी और आम लोग इस दृश्य को देखकर हैरान रह गए।

यह भी पढ़ें: Kerala Blast: त्रिशूर में पटाखा यूनिट में भीषण धमाका, 6 की मौत, 40 से ज्यादा घायल

‘नेग’ में सरकार से मांगी बड़ी मांग

दूल्हे कुलदीप ने इस अनोखे अंदाज में सरकार से ‘नेग’ मांगा, और वह नेग था स्मार्ट बिजली मीटरों को बंद करने का फैसला। दूल्हे और बारातियों के हाथों में पोस्टर थे, जिन पर स्मार्ट मीटर के खिलाफ नारे लिखे थे। उन्होंने मांग की कि प्रदेश में लागू स्मार्ट मीटर प्रणाली को बंद कर पुराने बिजली मीटरों को दोबारा चालू किया जाए।

बारातियों ने भी किया समर्थन, लगे नारे

दूल्हे के साथ पहुंचे बारातियों ने भी इस मांग का जोरदार समर्थन किया। कलेक्ट्रेट परिसर में नारेबाजी हुई और सरकार के फैसले के खिलाफ आवाज उठाई गई। इस दौरान मौजूद समाजसेवी एस नोमानी ने कहा कि महंगाई के इस दौर में आम आदमी पहले ही आर्थिक दबाव में है। उन्होंने कहा, “आज जरूरत स्मार्ट मीटर लगाने की नहीं है, बल्कि लोगों को स्मार्ट तरीके से कमाने का मौका देने की है, ताकि वे अपनी जरूरतें पूरी कर सकें।”

Scroll to load tweet…

स्मार्ट मीटर को लेकर बढ़ रहा असंतोष

दूल्हे का यह कदम अचानक नहीं था। दरअसल, कई जगहों पर स्मार्ट मीटर को लेकर लोगों में असंतोष देखने को मिल रहा है। लोगों का कहना है कि इससे बिजली बिल बढ़ रहे हैं और पारदर्शिता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। इसी मुद्दे को लेकर दूल्हे ने अपनी शादी जैसे खास दिन को विरोध का मंच बना दिया। इस अनोखे विरोध को देखने के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में बड़ी संख्या में लोग जुट गए। हर कोई इस बात पर चर्चा करता नजर आया कि आखिर कोई दूल्हा अपनी शादी छोड़कर इस तरह विरोध करने क्यों पहुंचा। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह का प्रदर्शन पहली बार देखने को मिला है।

यह भी पढ़ें: Taiwan-China Tension: क्या है चीन का ‘साइलेंट गेम’ जिसमें बुरा फंस गए ताइवान के राष्ट्रपति