UP Board Inter Topper List 2026: यूपी बोर्ड 10वीं और 12वीं रिजल्ट 2026 जारी कर दिया गया है। साथ ही इंटर टॉपर्स लिस्ट भी जारी हुई है। शिखा वर्मा ने 97.60% के साथ टॉप किया है। देखें पूरी टॉपर्स लिस्ट, रिजल्ट अपडेट और टॉपर्स को क्या इनाम मिलेगा।
UP Board Inter Topper List 2026: उत्तर प्रदेश के लाखों छात्रों का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने आज गुरुवार को हाईस्कूल (10वीं) और इंटरमीडिएट (12वीं) परीक्षा 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है। यूपी बोर्ड 12वीं में कुल पास प्रतिशत 80.38% रहा, जबकि हाईस्कूल या यूपी बोर्ड मैट्रिक का पास प्रतिशत 90.42% रहा। रिजल्ट के साथ ही बोर्ड ने इंटर के टॉपर्स की लिस्ट भी घोषित कर दी है, जिसका छात्रों और अभिभावकों को लंबे समय से इंतजार था। नीचे देखिए इस साल के यूपी बोर्ड इंटर टॉपर्स की लिस्ट, नाम और उनके मार्क्स। साथ ही यूपी बोर्ड इंटर रिजल्ट 2026 चेक करने के लिए डायरेक्ट लिंक नीचे है।
UPMSP UP Board 12h Result Check Direct Link
यूपी इंटरमीडिएट परीक्षा में सीतापुर की शिखा वर्मा टॉपर, टॉप 3 में सभी लड़कियां
इस बार इंटरमीडिएट परीक्षा में सीतापुर की शिखा वर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 97.60% अंक हासिल कर प्रदेश में पहला स्थान पाया है। वहीं दूसरे स्थान पर 97.20% अंकों के साथ बरेली की नंदिनी गुप्ता और बाराबंकी की श्रेया वर्मा संयुक्त रूप से रही हैं। तीसरे स्थान पर भी दो छात्राओं ने जगह बनाई है, जिसमें बरेली की सुरभि यादव और बाराबंकी की पूजा पाल, जिन्होंने 97% अंक प्राप्त किए हैं।
- शिखा वर्मा- 97.60%- रैंक 1
- नंदनी गुप्ता- 97.20%- रैंक 2
- श्रेया वर्मा- 97.20%- रैंक 2
- सुरभि यादव-97.00%- रैंक 3
- पूजा पाल- 97.00%- रैंक 3
कब आयोजित हुई थी यूपी बोर्ड परीक्षा 2026
अगर परीक्षा की बात करें, तो इस साल यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं 12 मार्च को खत्म हुई थीं। हाईस्कूल में करीब 26 लाख और इंटरमीडिएट में लगभग 24.5 लाख छात्रों ने परीक्षा दी थी। कॉपियों का मूल्यांकन 18 मार्च से शुरू होकर 4 अप्रैल तक पूरा किया गया। इस बड़े काम में करीब 83,800 परीक्षकों समेत कुल 1.53 लाख से ज्यादा कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। इस बार बोर्ड ने मूल्यांकन प्रक्रिया को और बेहतर बनाने के लिए तकनीक का भी इस्तेमाल किया। प्रयागराज, मेरठ, बरेली, वाराणसी और गोरखपुर जैसे जिलों में पायलट प्रोजेक्ट के तहत पारंपरिक जांच के साथ-साथ ऑनलाइन मार्क्स अपलोड करने की सुविधा भी लागू की गई, जिससे रिजल्ट प्रक्रिया और तेज व पारदर्शी बनी।
यूपी बोर्ड टॉपर्स को मिलेंगे ये इनाम
टॉपर्स के लिए सरकार की तरफ से खास इनाम भी तय है। प्रदेश स्तर पर टॉप करने वाले छात्रों को 1 लाख रुपये की नकद राशि, लैपटॉप और सम्मान पत्र दिया जाएगा। वहीं जिला स्तर पर टॉप करने वाले छात्रों को 21 हजार रुपये और सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया जाएगा। कुल मिलाकर, इस साल का यूपी बोर्ड रिजल्ट न सिर्फ रिकॉर्ड समय में जारी हुआ है, बल्कि इसमें तकनीकी सुधार और पारदर्शिता भी साफ नजर आई है।


