यूके में पढ़ाई के बाद एक भारतीय कपल नौकरी के लिए संघर्ष कर रहा है। 20 लाख के लोन के बीच पति को भारत में 21 लाख का जॉब ऑफर मिला है। अब वे यूके में रुकने या भारत लौटने को लेकर दुविधा में हैं।

अच्छी सैलरी और बेहतर ज़िंदगी का सपना देखकर यूके जाने वाले भारतीय छात्रों की संख्या लगातार बढ़ रही है। लेकिन वहां जाकर नौकरी ढूंढना हर किसी के लिए आसान नहीं होता। ऐसा ही एक मामला सोशल मीडिया पर चर्चा में है, जहां एक भारतीय कपल हायर स्टडीज़ के बाद यूके में नौकरी के लिए संघर्ष कर रहा है।

इस कपल ने रेडिट पर अपनी कहानी शेयर की है। उन्होंने बताया कि वे लगभग एक साल से यूके में नौकरी ढूंढ रहे हैं, लेकिन अब तक कोई पक्की नौकरी नहीं मिली। पति को मोबाइल ऐप डेवलपमेंट में 6 साल का अनुभव है, फिर भी उन्हें अपनी योग्यता के हिसाब से जॉब नहीं मिल रही। फिलहाल, वे पार्ट-टाइम जॉब करके किसी तरह अपना खर्च चला रहे हैं।

कपल ने बताया कि उन्होंने पढ़ाई के लिए 20 लाख रुपये का एजुकेशन लोन लिया था। यूके में पार्ट-टाइम कमाई से लोन की EMI भरना मुमकिन नहीं हो पा रहा है। इसलिए, वे भारत में अपनी बचत से EMI चुका रहे हैं। इसी बीच, पति को पुणे की एक कंपनी से 21 लाख रुपये सालाना सैलरी का जॉब ऑफर मिला है। अब वे दुविधा में हैं कि यूके में ही रुककर कोशिश करें या सुरक्षित भविष्य के लिए भारत लौट जाएं। उनके वीज़ा की वैलिडिटी अभी डेढ़ साल और बाकी है।

इस पोस्ट पर कई लोगों ने अपनी राय दी। कुछ लोगों ने कहा कि लोन चुकाने का दबाव है, इसलिए पुणे की नौकरी लेकर भारत लौटना ही समझदारी होगी। वहीं, कुछ का मानना था कि वीज़ा अभी बाकी है, इसलिए करियर ग्रोथ के लिए कुछ और समय यूके में रुकना चाहिए। कुछ यूज़र्स ने यह भी सलाह दी कि पति को भारत आकर पुणे की नौकरी ज्वाइन कर लेनी चाहिए और पत्नी को यूके में रहकर नौकरी की तलाश जारी रखनी चाहिए।