ऑस्ट्रेलिया ने भारतीय छात्रों के लिए वीजा नियम कड़े कर दिए हैं। जांच का लेवल 2 से बढ़ाकर 3 कर दिया गया है, जिससे अब अधिक दस्तावेज़ लगेंगे। यह कदम भारत को 'हाईएस्ट रिस्क' श्रेणी में रखने के कारण उठाया गया है।
नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया जाने का सपना देख रहे भारतीय छात्रों के लिए एक बड़ी खबर है। ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने स्टूडेंट वीजा के लिए नियम बदल दिए हैं। अब वीजा के लिए डॉक्यूमेंट्स की जांच का लेवल 2 से बढ़ाकर लेवल 3 कर दिया गया है। यह बदलाव 8 जनवरी 2026 से पूर्वव्यापी प्रभाव से लागू हो गया है। इसका मतलब है कि अब वीजा प्रोसेस में ज्यादा सख्ती बरती जाएगी और छात्रों को अतिरिक्त डॉक्यूमेंट्स जमा करने होंगे। सरकार ने सितंबर 2025 से पहले वाले पुराने कड़े नियम फिर से लागू कर दिए हैं।
यह कदम भारत को स्टूडेंट वीजा के मामले में 'हाईएस्ट रिस्क' वाली कैटेगरी में डालने के बाद उठाया गया है। यह जानकारी विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को राज्यसभा में एक लिखित जवाब में दी। विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने संसद में बताया कि नियमों को कड़ा किए जाने के बावजूद, भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच शिक्षा के क्षेत्र में रिश्ते मजबूत बने हुए हैं। उन्होंने इसका उदाहरण देते हुए कहा कि ऑस्ट्रेलियाई यूनिवर्सिटीज भारत में अपने कैंपस खोल रही हैं। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि सरकार भारतीय छात्रों को ऑस्ट्रेलिया में उच्च शिक्षा और रिसर्च के मौके देने के लिए प्रतिबद्ध है और छात्रों की यात्रा को आसान बनाने के लिए कूटनीतिक स्तर पर कोशिशें जारी रहेंगी।

