- Home
- States
- Uttar Pradesh
- मेरठ की मुस्कान से संभल की रूबी तक: 2025 की वो ज़ालिम पत्नियां, जिन्हें देश कभी नहीं भूल पाएगा
मेरठ की मुस्कान से संभल की रूबी तक: 2025 की वो ज़ालिम पत्नियां, जिन्हें देश कभी नहीं भूल पाएगा
Year Ender 2025: साल 2025 में भारत को झकझोर देने वाले घरेलू अपराध, जहाँ पत्नी ही पति की कातिल बनी। मेरठ की मुस्कान, संभल की रूबी, कानपुर का नमक कांड और हनीमून मर्डर जैसे मामलों ने रिश्तों की खौफनाक सच्चाई उजागर की।

प्यार, शादी और फिर कत्ल! 2025 की वो पत्नियाँ जिन्होंने देश को हिला दिया
घर… जिसे इंसान सबसे सुरक्षित ठिकाना मानता है। जहाँ प्यार, भरोसा और रिश्तों की गर्माहट होती है। लेकिन साल 2025 में भारत के कई घर ऐसे अपराध स्थलों में बदल गए, जहाँ शक, धोखा और साजिश ने रिश्तों को खून से रंग दिया। मेरठ की मुस्कान से लेकर संभल की रूबी तक, कुछ मामलों ने न सिर्फ पुलिस और कानून को हिला दिया, बल्कि समाज को भी आईना दिखा दिया। ये वो कहानियाँ हैं, जिनमें पत्नी ही पति की सबसे बड़ी दुश्मन बन गई और जिनका ज़िक्र आते ही आज भी रोंगटे खड़े हो जाते हैं।
मेरठ का ‘ब्लू ड्रम’ मर्डर: जब मुस्कान ने प्यार को खून में बदल दिया
2025 में उत्तर प्रदेश के मेरठ से सामने आया ‘ब्लू ड्रम मर्डर केस’ देश के सबसे सनसनीखेज घरेलू अपराधों में गिना गया। मुस्कान रस्तोगी ने अपने प्रेमी साहिल शुक्ला के साथ मिलकर पति सौरभ राजपूत की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस जांच में सामने आया कि पहले सौरभ को नशे की गोलियां खिलाकर बेहोश किया गया, फिर उसकी हत्या कर शव के टुकड़े किए गए। सबूत मिटाने के लिए शव को एक ड्रम में डालकर उसमें सीमेंट भर दिया गया।
मामला तब उजागर हुआ जब खुद मुस्कान ने अपनी मां को इस अपराध की जानकारी दी। पुलिस ने तुरंत मुस्कान और साहिल को गिरफ्तार किया। जेल में रहते हुए मुस्कान ने एक बच्ची को जन्म दिया, जिसका नाम उसने “राधा” रखा। सौरभ के परिवार ने बच्चे के डीएनए टेस्ट की मांग की। यह केस आज भी रिश्तों में पनप रहे धोखे और अपराध की सबसे खौफनाक मिसाल माना जाता है।
संभल की रूबी: पति के टुकड़े-टुकड़े कर फेंकी गई लाश
2025 के अंत में उत्तर प्रदेश के संभल जिले से सामने आया रूबी हत्याकांड मेरठ के ब्लू ड्रम केस जैसा ही खौफनाक साबित हुआ। रूबी ने अपने प्रेमी गौरव के साथ मिलकर पति राहुल की निर्मम हत्या की। 15 दिसंबर को पुलिस को दो बैग मिले, जिनमें सड़ते हुए शव के कटे हिस्से थे।
सिर और पैर गायब थे, लेकिन एक कटे हाथ पर बने टैटू से मृतक की पहचान हुई। जांच में पता चला कि राहुल 18 नवंबर से लापता था और 24 नवंबर को रूबी ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की तो खुलासा हुआ कि हत्या के बाद शव को कटर मशीन से काटा गया और टुकड़ों को अलग-अलग जगह फेंका गया। घर से खून के निशान और अन्य सबूत भी मिले। इस बर्बरता ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया।
कानपुर का ‘नमक कांड’: प्रेम में पति को मारकर नमक डालकर दफनाया
कानपुर से सामने आया यह मामला अपनी क्रूरता और साजिश के कारण अलग पहचान बना गया। लक्ष्मी नाम की महिला ने अपने पति शिवबीर सिंह की हत्या अपने ही भांजे अमित सिंह के साथ मिलकर की। दोनों के बीच अवैध संबंध थे। 30 अक्टूबर 2024 को लक्ष्मी ने पति को चाय में नींद की गोलियां मिलाकर दीं। जब वह बेहोश हुआ, तो अमित ने उसकी हत्या कर दी।
इसके बाद शव को घर के पीछे बगीचे में गड्ढा खोदकर दफनाया गया और सड़न तेज करने के लिए करीब 10 पैकेट नमक डाला गया। करीब 11 महीने तक यह राज़ छिपा रहा। मृतक की मां की लगातार शिकायतों के बाद पुलिस ने जांच तेज की और मोबाइल रिकॉर्ड व सबूतों के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। यह केस आज भी अपराध की दुनिया में ‘नमक कांड’ के नाम से जाना जाता है।
राजा रघुवंशी मर्डर केस: हनीमून बना मौत का सफर
2025 का राजा रघुवंशी हत्याकांड शादी और भरोसे के रिश्ते पर सबसे बड़ा सवाल बनकर उभरा। इंदौर निवासी राजा अपनी पत्नी सोनम के साथ हनीमून पर मेघालय गया था। 26 मई को वह लापता हुआ और 2 जून को उसका शव गहरे गॉर्ज से बरामद किया गया। जांच में सामने आया कि सोनम का अपने प्रेमी राज कुशवाहा से संबंध था। दोनों ने तीन अन्य लोगों के साथ मिलकर राजा की हत्या की साजिश रची। पुलिस ने पांचों आरोपियों पर 790 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है। मामला फिलहाल कोर्ट में विचाराधीन है और यह केस बताता है कि कैसे शादी का रिश्ता भी हत्या की साजिश में बदल सकता है।
अतुल सुभाष सुसाइड केस: मानसिक उत्पीड़न का दर्दनाक अंत
2025 में बेंगलुरु से सामने आया अतुल सुभाष सुसाइड केस सीधे तौर पर हत्या नहीं था, लेकिन इसकी गंभीरता किसी अपराध से कम नहीं थी। 34 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर अतुल ने आत्महत्या से पहले वीडियो और सुसाइड नोट में पत्नी निकिता सिंघानिया और उसके परिवार पर मानसिक उत्पीड़न और झूठे मुकदमों का आरोप लगाया। पुलिस ने पत्नी, उसकी मां और भाई को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार किया, हालांकि बाद में उन्हें जमानत मिल गई। यह मामला घरेलू विवाद, कानून के दुरुपयोग और मानसिक दबाव की एक बड़ी मिसाल बन गया।
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।

