कोलंबो में भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हराकर सुपर-8 में जगह बनाई। सुपर-8 में दोनों की भिड़ंत संभव नहीं है, क्योंकि वे अलग ग्रुप में हैं। हालांकि सेमीफाइनल या फाइनल में IND vs PAK मुकाबला हो सकता है, लेकिन इसके लिए कुछ शर्तें हैं। 

Ind vs PAK Match Possibility in T20 World Cup: टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए पाकिस्तान को 61 रनों से करारी शिकस्त दी। इसके साथ ही भारत सुपर-8 में क्वालीफाई कर गया है। टी20 विश्व कप इतिहास में पाकिस्तान के खिलाफ यह भारत की 8वीं जीत रही। दूसरी ओर, इस हार के बाद पाकिस्तान की सुपर-8 में पहुंचने की राह काफी कठिन हो गई है। हालांकि, फिर भी इस टूर्नामेंट में दोबारा भारत-पाकिस्तान के बीच मुकाबला हो सकता है। कैसे, आइए जानते हैं।

क्या फिर हो सकती है भारत-पाकिस्तान की टक्कर?

फैंस के मन में बड़ा सवाल है कि क्या इस टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान फिर से आमने-सामने आ सकते हैं? इसका जवाब है-हां, लेकिन कुछ शर्तों के साथ। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में कुल 20 टीमों को चार ग्रुप—A, B, C और D में बांटा गया है। हर ग्रुप में पांच टीमें हैं। हर ग्रुप से टॉप दो टीमें सुपर-8 में पहुंचेंगी। इसके बाद 8 टीमों को दो अलग-अलग ग्रुप में बांटा जाएगा, जहां राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में मुकाबले होंगे। हर ग्रुप की टॉप-दो टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी।

ICC का प्री-सीडिंग अरेंजमेंट क्या कहता है?

ICC ने टूर्नामेंट से पहले सुपर-8 के लिए प्री-सीडिंग तय कर दी थी। यानी यह पहले से तय है कि कौन-सी टीम किस सुपर-8 ग्रुप में जाएगी, बशर्ते वह क्वालीफाई करे। भारत को X1 के रूप में ग्रुप-1 में रखा गया है। इंग्लैंड Y1, ऑस्ट्रेलिया X2, न्यूजीलैंड Y2, वेस्टइंडीज X3, पाकिस्तान Y3, दक्षिण अफ्रीका X4 और श्रीलंका Y4 के रूप में नॉमिनेटेड हैं। अगर इनमें से कोई टीम क्वालीफाई नहीं करती, तो उसी ग्रुप की दूसरी क्वालीफाई करने वाली टीम उसकी जगह लेगी।

क्या सुपर-8 में IND vs PAK मैच संभव है?

सुपर-8 में तो भारत और पाकिस्तान का मुकाबला संभव नहीं है, क्योंकि दोनों को अलग-अलग ग्रुप में रखा गया है। इस चरण में टीमें सिर्फ अपने ग्रुप की टीमों से ही खेलती हैं। इसलिए सुपर-8 में दोनों की भिड़ंत नहीं होगी।

सेमीफाइनल में कैसे हो सकती है भारत-पाकिस्तान की भिड़ंत?

भारत और पाकिस्तान के बीच सेमीफाइनल में मुकाबला तभी संभव है, जब एक टीम अपने ग्रुप में पहले स्थान पर रहे और दूसरी टीम दूसरे ग्रुप में दूसरे स्थान पर रहे। अगर दोनों टीमें अपने-अपने ग्रुप में टॉप पर रहती हैं या दोनों दूसरे स्थान पर रहती हैं, तो सेमीफाइनल में भी आमना-सामना नहीं होगा। ऐसे में दोनों की भिड़ंत फाइनल से पहले नहीं हो सकेगी।

क्या हो सकता है IND vs PAK फाइनल?

भारत और पाकिस्तान के बीच फाइनल मुकाबले की संभावना भी बनी हुई है, लेकिन इसके लिए दोनों टीमों को पहले सेमीफाइनल जीतना होगा। टी20 विश्व कप के फाइनल में दोनों टीमें अब तक सिर्फ एक बार भिड़ी हैं। यह मुकाबला 2007 में हुआ था, जब भारत ने खिताब जीता था।