पाकिस्तानी क्रिकेटर अहमद शहजाद ‘हंसना मना है’ शो में PSL ड्राफ्ट से बाहर होने के दर्द पर रो पड़े। उन्होंने 18 साल के करियर, बेटे की भावनाओं और PCB पर सवाल उठाए। शहजाद ने PSL में 45 मैचों में 1077 रन बनाए हैं।

Ahmed Shehzad Breaks Down on Live Show: पाकिस्तान के क्रिकेटर अहमद शहजाद जियो न्यूज के कॉमेडी टॉक शो ‘हंसना मना है’ में पहुंचे, जहां वे बातचीत के दौरान रो पड़े। यह तब हुआ जब वे लंबे समय से क्रिकेट से बाहर हैं और पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) की पहली नीलामी में उन्हें रिजेक्ट कर दिया गया।

PSL से बाहर होने पर छलका क्रिकेटर का दर्द

शो में अपने पुराने साथी मोहम्मद आमिर के साथ बातचीत करते हुए शहजाद ने बताया कि अपने साथियों को खेलते देखना उनके लिए भावनात्मक रूप से मुश्किल है। उन्होंने 18 साल क्रिकेट को दिए हैं, लेकिन अब टीमों में जगह न मिलना उन्हें बहुत आहत करता है। शहजाद ने कहा, हां मैं इमोशनल हो जाता हूं। सच कहूं तो बहुत दुख होता है। मैं खेलना चाहता हूं। मेरे सभी बैचमेट खेल रहे हैं, उनके लिए मुझे खुशी है। मैं ऐसा इंसान हूं कि किसी के साथ अच्छा होता है तो मुझे सच्ची खुशी मिलती है।

‘अचानक सब कुछ हाथ से निकल गया’

34 साल के शहजाद ने सवाल उठाया कि आखिर वह PSL टीम में जगह बनाने की दौड़ से बाहर कैसे हो गए। उन्होंने कहा, मुझे हैरानी है कि इसके पीछे क्या वजह थी। सब कुछ मेरी आंखों के सामने शुरू हुआ था। मैंने इस फील्ड में 18 साल बिताए हैं और अचानक यह सब हाथ से जाता हुआ देखना बहुत मुश्किल है। यही बातें मुझे रुला देती हैं।

9 साल के बेटे की बात करते छलक पड़े आंसू

शहजाद अपने 9 साल के बेटे का जिक्र करते हुए खुद को संभाल नहीं पाए। उन्होंने बताया कि उनका बेटा उन्हें दोबारा मैदान पर खेलते हुए देखना चाहता है। उन्होंने कहा, दर्द दो-तीन दिन तक रहता है। इमोशन एक रोलरकोस्टर की तरह होते हैं। रात में जब मैं सोने की कोशिश करता हूं, तो सबसे ज्यादा दुख इस बात का होता है कि मेरा बेटा चाहता है कि मैं खेलूं। वह मेरे पास सोता है और कहता है, ‘अब्बा, मुझे याद है कि आप खेलते थे, लेकिन क्या मैं आपको ठीक से याद रख पाऊंगा?’ यह कहते-कहते शहजाद भावुक हो गए, माफी मांगी और सेट से बाहर चले गए।

PSL में करियर और PCB पर सवाल

अहमद शहजाद ने 2016 से 2021 के बीच पांच PSL सीजन खेले। उन्होंने 45 मैचों में 120 के स्ट्राइक रेट से 1077 रन बनाए, जिसमें 9 अर्धशतक शामिल हैं। हालांकि, 2023 के बाद से वे लीग से दूर हैं। हाल ही में उन्होंने PSL 10 ड्राफ्ट के लिए लोकल कैटेगरी में लिस्ट किए जाने पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) की आलोचना की। उन्होंने इसे एक पब्लिसिटी स्टंट बताया।