WI vs Eng T20 World Cup Yesterday Match Result: वेस्टइंडीज बनाम इंग्लैंड, साउथ अफ्रीका बनाम अफगानिस्तान और ऑस्ट्रेलिया बनाम आयरलैंड टी20 वर्ल्ड कप लीग मुकाबले में कल का मैच कौन जीता, मैच का पूरा रिजल्ट, अहम लम्हे और हाइलाइट्स यहां जानें।
T20 World Cup Yesterdays Match Results: टी-20 वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की है। ग्रुप सी के मुकाबले में कैरेबियाई टीम ने इंग्लैंड को 30 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ वेस्टइंडीज ने इंग्लैंड के खिलाफ 10 साल बाद वर्ल्ड कप में जीत हासिल की है। इससे पहले उसे आखिरी बार 2016 टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में जीत मिली थी। तब कार्लोस ब्रेथवेट ने बेन स्टोक्स के लास्ट ओवर में लगातार चार छक्के जड़ टीम को चैंपियन बनाया था।
197 रन का लक्ष्य, इंग्लैंड 166 पर ऑलआउट
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मैच में इंग्लैंड को 197 रन का लक्ष्य मिला था। जवाब में इंग्लिश टीम 18.5 ओवर में 166 रन पर ऑलआउट हो गई। इंग्लैंड की ओर से सैम करन ने नाबाद 43 रन बनाए, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके। जैकब बेथेल ने 33 रन और फिल सॉल्ट ने 30 रन का योगदान दिया।
वेस्टइंडीज की गेंदबाजी: मोती और चेज का शानदार प्रदर्शन
वेस्टइंडीज की ओर से गुडकेश मोती ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके। रोस्टन चेज को 2 विकेट मिले। अकील हुसैन, रोमारियो शेफर्ड और शमार जोसेफ ने एक-एक विकेट लिया। इसके अलावा इंग्लैंड के दो बल्लेबाज रनआउट भी हुए, जिससे टीम की पारी जल्दी सिमट गई।
रदरफोर्ड की तूफानी पारी से खड़ा हुआ बड़ा स्कोर
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम ने 6 विकेट खोकर 196 रन बनाए। शेरफन रदरफोर्ड ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 7 छक्कों की मदद से 76 रन बनाए। उनकी पारी ने टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। इंग्लैंड की ओर से आदिल रशीद और जैमी ओवरटन ने 2-2 विकेट लिए। जोफ्रा आर्चर और सैम करन को 1-1 विकेट मिला।
ग्रुप-सी पॉइंट्स टेबल में वेस्टइंडीज टॉप पर
लगातार 2 जीत के साथ वेस्टइंडीज ने ग्रुप सी की पॉइंट्स टेबल में पहला स्थान हासिल कर लिया है। टीम के 2 मैचों में 4 अंक हैं। स्कॉटलैंड और इंग्लैंड के 2-2 अंक हैं, लेकिन बेहतर नेट रन रेट के कारण स्कॉटलैंड दूसरे स्थान पर है और इंग्लैंड तीसरे नंबर पर। नेपाल और इटली को अब भी अपनी पहली जीत का इंतजार है। ये दोनों टीमें क्रमशः चौथे और पांचवें स्थान पर हैं।
South Africa vs Afghanistan: डबल सुपर ओवर में साउथ अफ्रीका की रोमांचक जीत
साउथ अफ्रीका ने अफगानिस्तान को डबल सुपर ओवर में हराकर यादगार जीत दर्ज की। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में बुधवार को खेले गए इस मुकाबले में टूर्नामेंट के इतिहास का पहला डबल सुपर ओवर देखने को मिला।
पहले सुपर ओवर में बराबरी, 17-17 रन बने
मैच का फैसला पहले सुपर ओवर में भी नहीं हो सका। दोनों टीमों ने 6 गेंदों में 17-17 रन बनाए। साउथ अफ्रीका की ओर से ट्रिस्टन स्टब्स ने फजलहक फारूकी की गेंद पर छक्का लगाकर स्कोर बराबर किया और मुकाबला दूसरे सुपर ओवर तक पहुंच गया।
दूसरे सुपर ओवर में साउथ अफ्रीका का बड़ा स्कोर
दूसरे सुपर ओवर में साउथ अफ्रीका ने दमदार बल्लेबाजी की। ट्रिस्टन स्टब्स और डेविड मिलर ने मिलकर तीन छक्के लगाए और टीम ने 6 गेंदों में 23 रन बनाए। इसके साथ ही अफगानिस्तान के सामने जीत के लिए 24 रन का मुश्किल लक्ष्य रखा गया। 24 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान की टीम को दूसरी ही गेंद पर बड़ा झटका लगा। मोहम्मद नबी आउट हो गए। इसके बाद रहमानुल्लाह गुरबाज ने तीसरी, चौथी और पांचवीं गेंद पर लगातार 3 छक्के जड़कर मैच में जान डाल दी। अफगानिस्तान को जीत के लिए आखिरी गेंद पर बड़े शॉट की जरूरत थी, लेकिन गुरबाज आखिरी गेंद पर आउट हो गए।
Australia vs Ireland: ऑस्ट्रेलिया ने 67 रन से जीता मैच
ग्रुप-बी के 14वें मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली जीत दर्ज करते हुए आयरलैंड को 67 रनों से हराया। बुधवार को कोलंबो में खेले गए इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 182 रन का स्कोर खड़ा किया। मार्कस स्टॉयनिस ने सबसे ज्यादा 45 रन की पारी खेली। जोश इंग्लिस और मैट रैनशॉ ने 37-37 रन का योगदान दिया।
आयरलैंड की पारी 115 रन पर सिमटी
183 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आयरलैंड की टीम 16.5 ओवर में 9 विकेट पर 115 रन ही बना सकी। नाथन एलिस और एडम जम्पा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4-4 विकेट झटके। मैथ्यू कुहनेमन को 1 विकेट मिला। आयरलैंड के कप्तान पॉल स्टर्लिंग पहली गेंद पर रिटायर हर्ट हो गए और बल्लेबाजी के लिए नहीं उतरे, जिससे टीम को बड़ा झटका लगा। आयरलैंड की ओर से जॉर्ज डॉकरेल ने सबसे ज्यादा 41 रन बनाए। लोरकन टकर ने 24 रन का योगदान दिया।


