उत्तराखंड के रुद्रपुर में 3 हथियारबंद लोगों ने एक महिला से उसके देवर के सामने गैंगरेप किया। आरोपी देवर के परिचित थे और उन्होंने घटना का वीडियो भी बनाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रुद्रपुरः उत्तराखंड के रुद्रपुर से रविवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां तीन हथियारबंद लोगों ने एक शादीशुदा महिला के साथ उसके देवर के सामने कथित तौर पर गैंगरेप किया। इस घटना के बाद इलाके में गुस्सा है और लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, महिला अपने देवर के साथ गांधी पार्क में लगे सरस मेले से रात करीब 9 बजे लौट रही थी। तभी किच्छा बाईपास पर मोदी मैदान के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए हमलावरों ने उन्हें रोक लिया। चौंकाने वाली बात यह है कि हमलावर महिला के देवर के जानकार बताए जा रहे हैं।
देवर के सामने महिला के साथ बारी-बारी से गैंगरेप
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, आरोपियों ने दोनों को गोली मारने की धमकी दी और महिला को जबरन ठंडी सड़क के पास एक सुनसान जगह पर ले गए। वहां उन्होंने देवर के सामने बारी-बारी से महिला के साथ रेप किया। जब महिला ने विरोध किया, तो एक आरोपी ने चाकू से उनके बाएं हाथ पर वार कर दिया। इसके बाद उन्होंने इस पूरी वारदात का वीडियो भी बनाया और धमकी दी कि अगर पुलिस में शिकायत की तो वीडियो सोशल मीडिया पर डाल देंगे।
बाद में पीड़िता ने रामपुर पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। हमले की जांच के लिए एक पुलिस टीम बनाई गई है। पुलिस देवर से भी पूछताछ कर रही है क्योंकि आरोपी उसके परिचित थे।
अधिकारियों ने जोर देकर कहा है कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार, यौन उत्पीड़न के मामलों में पीड़िता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। इस क्रूर अपराध को लेकर स्थानीय लोगों और एक्टिविस्ट्स में भारी गुस्सा है और वे जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त सजा की मांग कर रहे हैं।
