कानपुर में KDMA लीग मैच के दौरान मधुमक्खियों के हमले में अंपायर माणिक गुप्ता की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में दूसरे अंपायर और कई खिलाड़ी भी गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हमला करीब 10 मिनट तक चला।
कानपुर: KDMA लीग टूर्नामेंट के एक मैच के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। कानपुर के उन्नाव स्थित सप्रू मैदान में YMCC और पैरामाउंट के बीच मैच चल रहा था। मैच जब रोमांचक मोड़ पर था, तभी अचानक मधुमक्खियों के एक बड़े झुंड ने मैदान पर हमला कर दिया। इस हमले में कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन के अंपायर माणिक गुप्ता की मौत हो गई। वहीं, कई खिलाड़ी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अंपायरों पर टूट पड़ीं मधुमक्खियां
लीग टूर्नामेंट के दौरान सभी खिलाड़ी और अंपायर अपनी-अपनी ड्रेस में थे। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने नीले और गहरे नीले रंग की जर्सी पहनी हुई थी। वहीं, अंपायर हमेशा की तरह सफेद कपड़ों में थे। सप्रू मैदान की ओर से आईं मधुमक्खियों ने सीधे मैदान में मौजूद लोगों पर हमला बोल दिया। सफेद कपड़ों में होने की वजह से मधुमक्खियों ने दोनों अंपायरों, माणिक गुप्ता और जगदीश शर्मा, को घेर लिया। इसके साथ ही मधुमक्खियों ने खिलाड़ियों पर भी हमला करना शुरू कर दिया।
अंपायरों को घिरा देख खिलाड़ियों ने बल्ला घुमाते हुए उन्हें पवेलियन तक ले जाने की कोशिश की। लेकिन मधुमक्खियों का झुंड बहुत बड़ा था और उनका हमला तेज होता गया। इस हमले में 65 साल के अंपायर माणिक गुप्ता की जान चली गई। दूसरे अंपायर जगदीश शर्मा भी बुरी तरह घायल हो गए।
घायल अंपायर और खिलाड़ियों को फौरन उन्नाव के शुक्लागंज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अंपायर माणिक गुप्ता की हालत बहुत नाजुक थी, इसलिए उन्हें कानपुर के लाला लाजपत राय अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां से उन्हें लक्ष्मीपत सिंघानिया अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। माणिक गुप्ता पिछले 30 सालों से कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन के लिए अंपायरिंग कर रहे थे। उन्होंने रणजी ट्रॉफी समेत कई घरेलू मैचों में अंपायरिंग की थी।
10 मिनट के हमले में गई जान
मधुमक्खियों का यह हमला करीब 10 मिनट तक चला, लेकिन इतने कम समय में ही यह बड़ा हादसा हो गया। इस हमले में कई खिलाड़ी भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। अंपायर जगदीश शर्मा और कुछ घायल खिलाड़ियों का इलाज कानपुर के अस्पताल में चल रहा है।
