TMC MP Mitali Bag Attacked in Hooghly: पश्चिम बंगाल के हुगली में TMC सांसद मिताली बाग की कार पर हमला हुआ। अभिषेक बनर्जी के रोड शो में जाते समय गोगहाट में ईंट-पत्थरों और लाठियों से हमला किया गया। सांसद और ड्राइवर घायल हुए, दोनों अस्पताल में भर्ती हैं।

Mitali Bag Attacked in Hooghly: पश्चिम बंगाल की राजनीति में सोमवार को उस समय तनाव और बढ़ गया, जब हुगली जिले में तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद मिताली बाग की कार पर कथित हमला हुआ। घटना गोगहाट क्षेत्र की है, जहां सांसद अभिषेक बनर्जी के रोड शो में शामिल होने के लिए आरामबाग जा रही थीं। इसी दौरान उनकी गाड़ी पर ईंट-पत्थरों और लाठियों से हमला किए जाने का आरोप लगा है। हमले के बाद मिताली बाग भावुक हो गईं और कैमरे के सामने फूट-फूटकर रो पड़ीं। उन्होंने कहा कि वह किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से निकल सकीं।

Scroll to load tweet…

रोड शो के रास्ते में हुआ हमला

जानकारी के अनुसार, TMC सांसद मिताली बाग गोगहाट से आरामबाग जा रही थीं, जहां पार्टी नेता अभिषेक बनर्जी का रोड शो आयोजित था। इसी दौरान कुछ लोगों ने उनकी कार को घेर लिया और उस पर पत्थर, ईंट और लाठियों से हमला कर दिया। हमले में उनकी कार के शीशे टूट गए और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना में सांसद और उनके ड्राइवर दोनों घायल हो गए। घायल अवस्था में दोनों को तुरंत आरामबाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

यह भी पढ़ें: हरदोई की प्रिंसिपल की बदसलूकी पर छलका मां का दर्द, बोलीं-“मैं सिर्फ 15 दिन.... WATCH

कैमरे के सामने छलका दर्द

हमले के बाद मीडिया से बात करते हुए मिताली बाग काफी भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा, “मेरी गाड़ी की हालत देखिए। उन लोगों ने बड़े-बड़े पत्थर फेंके। मैं किसी तरह जान बचाकर निकली हूं।” उनकी आंखों में डर और नाराजगी दोनों साफ दिखाई दे रहे थे। घटना के बाद स्थानीय राजनीतिक माहौल और अधिक गरमा गया है।

TMC ने भाजपा समर्थकों पर लगाया आरोप

तृणमूल कांग्रेस ने इस हमले के लिए भाजपा समर्थकों को जिम्मेदार ठहराया है। पार्टी का आरोप है कि गोगहाट में भाजपा समर्थकों ने सुनियोजित तरीके से सांसद की गाड़ी पर हमला किया। TMC ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की हालिया टिप्पणी के बाद इस तरह की घटनाएं बढ़ी हैं। पार्टी ने दावा किया कि “जो भी घर से बाहर निकलेगा, उसे उल्टा लटका दिया जाएगा” जैसी धमकी के बाद यह हमला हुआ।

हालांकि भाजपा की ओर से इस आरोप पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Scroll to load tweet…

अस्पताल पहुंचे अभिषेक बनर्जी

घटना की जानकारी मिलते ही TMC के वरिष्ठ नेता अभिषेक बनर्जी आरामबाग मेडिकल College अस्पताल पहुंचे और मिताली बाग से मुलाकात की। उन्होंने पूरे मामले की जानकारी ली और सांसद का हाल जाना। इस मुलाकात को पार्टी के भीतर एकजुटता के संदेश के रूप में भी देखा जा रहा है।

चुनावी माहौल में बढ़ा तनाव

पश्चिम बंगाल में राजनीतिक टकराव कोई नई बात नहीं है, लेकिन चुनावी माहौल के दौरान ऐसी घटनाएं अक्सर माहौल को और अधिक संवेदनशील बना देती हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस तरह के हमले न केवल लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करते हैं, बल्कि जनता के बीच भय का माहौल भी पैदा करते हैं।

यह भी पढ़ें: 15 साल बाद खुला बड़ा रास्ता! INDIA-NZ FTA से युवाओं और कारोबारियों की बल्ले-बल्ले