राजस्थान के अलवर जिले में एक शख्स को रील बनाना भारी पड़ गया. कलूराम नाम के इस आदमी ने गर्मी से बचने के लिए 15 लीटर की दूध की केतली सिर पर रख ली, जो वहीं फंस गई. बाद में लोगों की मदद से उसे हार्डवेयर की दुकान ले जाया गया, जहां कटर से केतली को काटना पड़ा.
सोशल मीडिया पर राजस्थान के अलवर जिले से एक बड़ा ही अजीब वीडियो वायरल हो रहा है। अक्सर हम सुनते हैं कि बच्चों का सिर किसी बर्तन में फंस गया, लेकिन यहां तो एक अधेड़ उम्र के आदमी का सिर 15 लीटर की दूध की केतली में फंस गया। और ये कोई गलती से नहीं हुआ, बल्कि रील बनाने के चक्कर में ये कांड हो गया। अब इस आदमी का वीडियो वायरल है, जिसमें वो सिर पर केतली फंसाए बाइक पर सफर करता दिख रहा है।
सिर में कैसे फंसी दूध की केतली?
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना अकबरपुर पुलिस स्टेशन इलाके के माधोगढ़ गांव की है। कलूराम नाम का यह शख्स दुकान पर गेहूं बेचने जा रहा था। रास्ते में उसने एक रील बनाने का सोचा। रिपोर्ट में बताया गया है कि रील बनाते समय जब उसे तेज गर्मी लगी, तो उसने 15 लीटर वाली दूध की केतली उठाई और सिर पर रख ली। पहले तो सब ठीक था, लेकिन कुछ ही देर में केतली उसके सिर में बुरी तरह फंस गई। उसने निकालने की बहुत कोशिश की, लेकिन केतली टस से मस नहीं हुई।
वायरल हो गया वीडियो
यह देखकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। आखिर में, लोग कलूराम को बाइक पर बिठाकर पास की एक हार्डवेयर दुकान पर ले गए। वहां एक कटर की मदद से दूध की केतली को काटा गया। माधोगढ़ गांव के सरपंच प्रेमाराम ने मीडिया को बताया कि 15 लीटर की यह केतली करीब 10 किलो की थी, जो कलूराम के सिर में फंस गई थी। कलूराम का बाइक पर बैठकर हार्डवेयर की दुकान तक जाने और कटर से केतली काटने का वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
