मुजफ्फरनगर में भेदभाव से तंग दो बहनों ने अपने पिता की गला रेतकर हत्या कर दी। उन्होंने परिवार को नींद की गोलियां देकर सुलाया और फिर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।

मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के एक गांव से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है. यहां दो सगी बहनों ने अपने ही पिता की गला रेतकर हत्या कर दी. वजह सिर्फ इतनी थी कि पिता अपने बेटे और बेटियों में बहुत भेदभाव करता था और बेटियों को लगातार ताने मारता था. रोज-रोज के इस भेदभाव और तानों से तंग आकर बेटियों ने यह खौफनाक कदम उठाया. कई परिवारों में आज भी लड़कों को ज्यादा तवज्जो दी जाती है, जबकि लड़कियों को पराया धन समझा जाता है. कुछ ऐसा ही इस परिवार में भी हो रहा था. पिता अपने बेटे को 'कुल का दीपक' समझता था, लेकिन बेटियों के साथ उसका व्यवहार ठीक नहीं था. इसी बात से बेटियां अंदर ही अंदर घुट रही थीं और आखिरकार उन्होंने अपने पिता की जिंदगी ही खत्म कर दी.

खाने में नींद की गोलियां मिलाकर परिवार को सुलाया और फिर किया पिता का मर्डर

पुलिस के मुताबिक, 16 और 32 साल की इन दोनों बहनों ने अपने 60 साल के किसान पिता की हत्या की. पिता घर में सो रहे थे, जब उन पर हमला किया गया. दोनों बहनें पिछले कुछ दिनों से अपने पिता को मारने की साजिश रच रही थीं. रविवार की रात, उन्होंने अपनी मां समेत परिवार के बाकी सदस्यों को खाने में नींद की गोलियां मिलाकर दे दीं. जब सब गहरी नींद में सो गए, तो छोटी बेटी ने पिता के पैर कसकर पकड़ लिए और बड़ी बेटी ने किचन वाले चाकू से उनका गला रेत दिया.

सोमवार सुबह जब घर के लोग जागे, तो उन्होंने पिता की लाश को खून से लथपथ पाया. खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने जांच शुरू की और महज दो घंटे के अंदर ही दोनों बेटियों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया. पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया.

पिता के बर्ताव से दुखी थी दोनों बहनें…

इस मामले में भोपा पुलिस स्टेशन में BNS की धारा 103 (हत्या) के तहत केस दर्ज किया गया है. दोनों आरोपी बहनों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पूछताछ में दोनों बहनों ने बताया कि वे अपने पिता के बर्ताव से बहुत दुखी थीं. ग्रामीण एसपी आदित्य बंसल ने बताया कि पिता अक्सर बेटियों को इस बात पर ताने मारते और गालियां देते थे कि वे घर पर बैठी हैं, उनकी शादी नहीं हुई है और कोई काम नहीं करतीं. एसपी बंसल ने कहा, "पुलिस ने नींद की गोलियों के दो पत्ते और हत्या में इस्तेमाल हुआ चाकू बरामद कर लिया है." उन्होंने यह भी बताया कि बड़ी बेटी ने घटना के वक्त जो खून से सने कपड़े पहने थे, उन्हें चारे के ढेर में छिपा दिया था, जिन्हें पुलिस ने ढूंढ निकाला है.