मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शहडोल जिले को 747.91 करोड़ रुपये के 139 विकास कार्यों की सौगात दी। जनजातीय कल्याण, राम वन गमन पथ, स्वास्थ्य, पर्यटन, उद्योग और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की कई घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ग्राम गंधिया से शहडोल जिले के लिए कुल 747 करोड़ 91 लाख रुपये की लागत वाले 139 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि पूजन किया। इनमें 613 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 79 कार्यों का लोकार्पण तथा 134 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 60 कार्यों का भूमि पूजन शामिल है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ भी वितरित किए।

जनजातीय समाज का समग्र विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता: मुख्यमंत्री मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जनजातीय वर्ग का समग्र कल्याण सरकार की प्राथमिकताओं में सबसे ऊपर है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में पीएम जन-मन योजना के अंतर्गत 98 करोड़ 30 लाख रुपये तथा धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत 401.56 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि पूजन किया जा चुका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने जनजातीय समाज के नायकों की गौरव गाथाओं को शैक्षिक पाठ्यक्रम में शामिल कर उनकी विरासत को सम्मान देने का कार्य किया है।

शबरी मैया को मध्यप्रदेश की ओर से नमन, वंदन: मुख्यमंत्री मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि शबरी मैया, जिन्होंने नि:शब्द रहकर अपनी पुण्य भावनाओं को अमर कर दिया, उन्हें पूरे मध्यप्रदेश की ओर से नमन और वंदन है। भगवान श्रीराम ने भक्तिभाव से माता शबरी के जूठे बेर ग्रहण किए, यह प्रसंग भक्ति की पराकाष्ठा को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि माता शबरी द्वारा पहले स्वयं बेर का मीठापन जांचना यह सिखाता है कि ईश्वर कर्मकांड से नहीं, बल्कि भक्त के मन के भावों से प्रसन्न होते हैं। व्यक्ति का मूल्य जन्म से नहीं, बल्कि हृदय की पवित्रता से तय होता है। उन्होंने कहा कि कोल समाज की कुल देवी शबरी मैया हम सभी के लिए आराध्य, पूजनीय और वंदनीय हैं। उनके चरित्र और सत्कर्मों ने पूरे वनवासी और जनजातीय समाज का गौरव बढ़ाया।

मध्यप्रदेश में बनेगा 1450 किमी लंबा राम वन गमन पथ

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि माता शबरी ने वर्षों तक भगवान श्रीराम की प्रतीक्षा की। वे प्रतिदिन अपनी कुटिया की सफाई करती थीं कि आज नहीं तो कल राम अवश्य आएंगे। यह एक भक्त का अपने आराध्य पर अटूट विश्वास दर्शाता है। उन्होंने बताया कि सरकार ने श्री रामचन्द्र वन गमन पथ न्यास की स्थापना की है और प्रदेश में 1450 किलोमीटर लंबे राम वन गमन पथ का निर्माण किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश को भगवान श्रीराम का विशेष स्नेह प्राप्त हुआ। उन्होंने चित्रकूट में 11 वर्ष और ग्राम गंधिया में 11 रात्रियां बिताईं। इसी कारण गंधिया को राम वन गमन पथ विकास योजना में शामिल किया गया है। गांव के विकास के लिए लगभग 80 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।

मुख्यमंत्री मोहन यादव की बड़ी घोषणाएं, क्षेत्रीय विकास को मिलेगी नई गति

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ब्यौहारी में 30 बिस्तरीय अस्पताल के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने सीतामढ़ी धाम को धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने तथा संजय डूबरी टाइगर रिजर्व का एक नया प्रवेश द्वार ब्यौहारी की ओर खोलने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र में महुआ और कटहल प्रचुर मात्रा में उपलब्ध हैं। इनसे बनने वाली औषधियों और उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने, उद्योग, रोजगार और निर्यात को बढ़ावा देने के लिए औद्योगिक विकास केंद्र खोला जाएगा।

इसके साथ ही जयसिंहनगर के लिए बायपास निर्माण तथा उप तहसील आमाडीह को तहसील बनाने की घोषणा भी की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता ने सरकार की विकास नीतियों पर विश्वास जताया है और क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।