उन्नाव रेप पीड़िता के पिता की हिरासत में मौत के मामले में दोषी कुलदीप सेंगर की जमानत याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। सेंगर इस मामले में 10 साल की सजा काट रहा है और हाईकोर्ट से जमानत खारिज होने के बाद उसने यह अपील की है।
नई दिल्ली: उन्नाव रेप केस की पीड़िता के पिता की हिरासत में मौत के मामले में दोषी कुलदीप सिंह सेंगर की जमानत याचिका पर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। चीफ जस्टिस की अध्यक्षता वाली बेंच इस याचिका पर सुनवाई करेगी। यह अपील हाईकोर्ट द्वारा जमानत खारिज किए जाने के खिलाफ है। सेंगर इस मामले में 10 साल की जेल की सजा काट रहा है। 19 जनवरी को मामले की सुनवाई करते हुए दिल्ली हाईकोर्ट ने सेंगर की 10 साल की जेल की सजा पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था।
13 मार्च, 2020 को निचली अदालत ने इस मामले में सेंगर को 10 साल की कठोर कैद और 10 लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी। इस मामले में सेंगर पर रेप पीड़िता के पिता के खिलाफ साजिश रचने और हिरासत में उनकी मौत का आरोप है। इसके अलावा, रेप केस में सेंगर को उम्रकैद की सजा भी मिली हुई है। हालांकि दिल्ली हाईकोर्ट ने 23 दिसंबर, 2025 को उस सजा को निलंबित कर जमानत दे दी थी, लेकिन 29 दिसंबर, 2025 को सुप्रीम कोर्ट ने उस आदेश पर रोक लगा दी थी।
