UAE के फुजैरा ऑयल टर्मिनल पर ईरानी हमले के बीच भारतीय जहाज 'जग लाडकी' सुरक्षित निकल गया। पेट्रोलियम मंत्रालय के अनुसार, जहाज और सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं। भारतीय नौसेना खाड़ी क्षेत्र में टैंकर को सुरक्षा दे रही है।

मुंबई: UAE के फुजैरा ऑयल टर्मिनल पर हुए ईरानी हमले के बीच भारतीय झंडे वाला जहाज 'जग लाडकी' वहां से सुरक्षित निकल गया है। पेट्रोलियम मंत्रालय ने बताया कि जिस वक्त टर्मिनल पर हमला हुआ, यह जहाज वहां कच्चा तेल भर रहा था। अब यह सुरक्षित रूप से अपनी मंजिल की ओर बढ़ रहा है।

14 मार्च को, जब भारतीय जहाज 'जग लाडकी' UAE के फुजैरा में कच्चा तेल लोड कर रहा था, तभी ईरान ने ऑयल टर्मिनल पर हमला कर दिया। पेट्रोलियम मंत्रालय ने एक बयान जारी कर बताया है कि फुजैरा से रवाना हुआ यह जहाज और इस पर मौजूद सभी भारतीय नाविक पूरी तरह सुरक्षित हैं।

भारतीय नौसेना इस ऑयल टैंकर को सुरक्षा कवर दे रही है। खाड़ी क्षेत्र में भारतीय टैंकरों और जहाजों की सुरक्षा के लिए भारतीय युद्धपोत पहले से ही तैनात हैं। शिपिंग मंत्रालय के मुताबिक, इस वक्त खाड़ी क्षेत्र से 24 भारतीय जहाज गुजर रहे हैं। इनमें से दो जहाज LPG लेकर गुजरात के मुंद्रा और कांडला बंदरगाहों की ओर आ रहे हैं। अनुमान है कि इस तनावपूर्ण माहौल में खाड़ी क्षेत्र में करीब 23,000 भारतीय नाविक फंसे हुए हैं। इनमें से 276 लोगों को अलग-अलग कंपनियों ने निकाल लिया है। होर्मुज जलडमरूमध्य से और भारतीय टैंकरों को निकालने पर भी बातचीत चल रही है।

UAE का फुजैरा ऑयल टर्मिनल शनिवार को हमले का शिकार हुआ था। ईरान ने फुजैरा बंदरगाह के मुख्य तेल टर्मिनलों को निशाना बनाकर ड्रोन से हमला किया था, जिससे भारी नुकसान हुआ। रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक ड्रोन को मार गिराया गया, लेकिन उसके मलबे के गिरने से वहां भीषण आग लग गई। इस वजह से तेल का एक्सपोर्ट कुछ समय के लिए रोकना पड़ा।