Gwalior News : ग्वालियर में एक पत्नी ने पति से तलाक लेने के लिए उसकी बहन को ही सौतन बता दिया। उसने पति-बहन की फोटो को दूसरी शादी का सबूत बताकर कोर्ट को गुमराह किया। फैमिली कोर्ट ने एकतरफा तलाक दे दिया, जिसके खिलाफ पति ने अब हाईकोर्ट में अपील की है।

तलाक लेने के लिए लोग क्या-क्या नहीं करते, लेकिन मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक पत्नी ने जो किया, वो सुनकर आप भी हैरान रह जाएंगे। इस 40 साल की महिला ने अपने पति से तलाक लेने के लिए उसकी सगी बहन को ही उसकी दूसरी बीवी यानी अपनी सौतन बता दिया। यही नहीं, फैमिली कोर्ट ने भी महिला की बात पर यकीन करके एकतरफा तलाक का फैसला सुना दिया।

कोर्ट को भी कर दिया गुमराह?

ग्वालियर में एक महिला ने अपने पति की बहन को ही उसकी दूसरी पत्नी बताकर कोर्ट से तलाक ले लिया। उसने सबूत के तौर पर एक फोटो पेश की, जिसमें पति अपनी बहन के साथ खड़ा था। महिला ने क्रूरता के आधार पर तलाक मांगा और कहा कि पति ने उसे बताए बिना दूसरी शादी कर ली है। हैरानी की बात यह है कि फैमिली कोर्ट के जज ने पति का पक्ष सुने बिना ही महिला के हक में फैसला सुना दिया और तलाक मंजूर कर लिया। जब पति को इस एकतरफा तलाक के बारे में पता चला, तो उसके होश उड़ गए।

आखिर पूरा मामला क्या है?

इस जोड़े की शादी 1998 में हुई थी। पति एक मार्केटिंग कंपनी में काम करते हैं, जिस वजह से उन्हें काम के सिलसिले में अक्सर शहर से बाहर रहना पड़ता था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच झगड़े होने लगे। रोज-रोज की अनबन से तंग आकर पत्नी 2015 में घर छोड़कर अलग रहने लगी। वह किसी भी हाल में पति से तलाक चाहती थी, लेकिन पति इसके लिए तैयार नहीं था। इसके बाद पत्नी ने तलाक के लिए सबूत जुटाने का यह अनोखा तरीका निकाला।

किसने दिया ये आइडिया!

यह आइडिया महिला का था या उसके वकील का, यह तो पता नहीं, लेकिन प्लान बड़ा शातिर था। साल 2021 में महिला ने फैमिली कोर्ट में तलाक की अर्जी दाखिल की। उसने दावा किया कि उसके पति ने दूसरी शादी कर ली है। सबूत के तौर पर उसने एक फोटो पेश की, जिसमें उसका पति अपनी बहन और परिवार के कुछ और लोगों के साथ था। महिला ने कोर्ट में अपनी ननद को ही पति की दूसरी पत्नी बता दिया और कोर्ट ने यह बात मान भी ली।

अब पत्नी पर मंडराया खतरा

अपनी गैर-मौजूदगी में हुए इस तलाक से पति हैरान रह गया। जब उसने कागजात निकलवाए तो धोखाधड़ी का पूरा मामला सामने आया। अब पति ने इस फैसले के खिलाफ हाईकोर्ट में अपील की है। उसका कहना है कि वह किसी भी कीमत पर तलाक नहीं देगा। कोर्ट को गुमराह करना भी एक अपराध है, ऐसे में अब इस धोखेबाजी के लिए पत्नी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।