अमेरिका के फ्लोरिडा में एक कपल ने घर का महंगा किराया चुकाने से बचने के लिए एक अनोखा तरीका निकाला है. वे अब एक होटल के कमरे में रहते हैं और इस तरह हर साल करीब 11 लाख रुपये बचा रहे हैं.

खबरें जरा हटकेः जब घर का किराया और दूसरे खर्चे आम आदमी का बजट बिगाड़ने लगें, तो लोग नए-नए जुगाड़ खोजते हैं। ऐसा ही एक अनोखा तरीका अमेरिका के एक कपल ने निकाला है, जो अब सुर्खियों में है। फ्लोरिडा के पेंसाकोला में रहने वाले मिरांडा बोवर्स और उनके पति जॉन ने अपना तीन बेडरूम का घर छोड़कर एक छोटे से होटल के कमरे में रहना शुरू कर दिया है।

इस कपल की जिंदगी 2023 में तब बदल गई, जब काम पर हुए एक हादसे में जॉन के दाहिने हाथ में गंभीर चोट लग गई। परिवार की कमाई का मुख्य जरिया बंद हो गया और हर महीने 2,300 डॉलर (करीब 2 लाख रुपये) किराया देना नामुमकिन हो गया। इसी मुश्किल के बाद मिरांडा और जॉन ने होटल में रहने का फैसला किया।

अब वे रहने के लिए हफ्ते में सिर्फ 307 डॉलर (करीब 28,000 रुपये) खर्च करते हैं। खास बात यह है कि इसमें बिजली, पानी, इंटरनेट, पार्किंग और कचरा सर्विस जैसे सभी बिल शामिल हैं। मिरांडा कहती हैं, 'होटल में रहने का सबसे बड़ा फायदा यह है कि आपको किराए के लिए हजारों डॉलर या सिक्योरिटी डिपॉजिट का इंतजाम नहीं करना पड़ता।' इस बदलाव से वे हर महीने करीब 1,000 डॉलर (लगभग 94,000 रुपये) बचा पा रहे हैं। इस तरह साल भर में उनकी बचत करीब 11 लाख रुपये हो जाती है।

होटल का कमरा भले ही छोटा है, लेकिन उन्होंने वहां अपनी जरूरत की सभी सुविधाएं जुटा ली हैं। बाहर के खाने से बचने के लिए मिरांडा कमरे में बने छोटे से किचन में ही खाना बनाती हैं। उन्होंने कमरे में पार्टिशन लगाकर लिविंग एरिया और बेडरूम को अलग कर दिया है, जिससे घर जैसा माहौल महसूस होता है।

इस कपल का मानना है कि बड़े घरों के पीछे भागकर कर्ज में डूबने से बेहतर है सादा जीवन जीना। मिरांडा और जॉन का सपना है कि होटल में रहकर बचाए गए पैसों से वे एक एकड़ जमीन खरीदें और वहां एक छोटा सा घर बनाएं। यह कपल साबित कर रहा है कि अगर मेहनत और सही प्लानिंग हो, तो मुश्किलों को भी मौकों में बदला जा सकता है।