सोशल मीडिया पर 'एनर्जी लॉकडाउन' की अफवाहें तेजी से फैल रही थीं। अब केंद्र सरकार ने साफ किया है कि देश में किसी भी तरह का लॉकडाउन लगाने की कोई योजना नहीं है। सरकार ने लोगों से ऐसी झूठी खबरों पर ध्यान न देने की अपील की है।
नई दिल्ली: देश में फिर से लॉकडाउन लगने की खबर पूरी तरह से झूठी है। केंद्र सरकार ने साफ किया है कि ऐसी अफवाहों पर यकीन न करें। सरकार के मुताबिक, देश में लॉकडाउन लगाने जैसे कोई हालात नहीं हैं और जो भी खबरें चल रही हैं, वे बेबुनियाद हैं।
क्या है 'एनर्जी लॉकडाउन' की अफवाह?
सोशल मीडिया पर यह खबर तेजी से फैल रही थी कि देश में 'एनर्जी लॉकडाउन' लगने वाला है। इसी को देखते हुए सरकार को यह सफाई देनी पड़ी। दरअसल, यह पूरा मामला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसद में दिए एक बयान के बाद शुरू हुआ। पीएम मोदी ने राज्यसभा और लोकसभा में पश्चिमी एशिया में चल रहे युद्ध का जिक्र किया था। उन्होंने कहा था, 'अगर यह युद्ध लंबा खिंचता है, तो इसके गंभीर परिणाम होंगे। जैसे पिछले लॉकडाउन के दौरान केंद्र और राज्यों ने मिलकर काम किया था, वैसे ही इस संकट का भी मिलकर सामना करना होगा।'
बयान का गलत मतलब निकाला गया
पीएम के इसी बयान का कुछ लोगों ने गलत मतलब निकाल लिया। सोशल मीडिया पर यह प्रचार किया जाने लगा कि सरकार देश में एक और लॉकडाउन लगाने की तैयारी कर रही है। हालांकि, केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री ने इन सभी अटकलों को पूरी तरह से खारिज कर दिया है। उन्होंने साफ किया कि केंद्र सरकार का फिलहाल किसी भी तरह का लॉकडाउन लगाने का कोई विचार नहीं है।
सरकार पेट्रोल, डीजल और एलपीजी समेत सभी जरूरी चीजों की सप्लाई लगातार सुनिश्चित कर रही है। इसलिए, लोगों को घबराकर सामान इकट्ठा करने या अफवाहों पर विश्वास करने की कोई जरूरत नहीं है। केंद्र सरकार ने साफ कहा है कि देश में फिलहाल ऐसी कोई स्थिति नहीं है।
