दिल्ली के भारत मंडपम में AI इम्पैक्ट समिट के दौरान प्रदर्शन करने वाले यूथ कांग्रेस के 4 कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोप है कि उन्होंने सुरक्षा घेरा तोड़ा और नारेबाजी की। पुलिस बड़ी साजिश के एंगल से जांच कर रही है।
नई दिल्ली। दिल्ली में चल रहे ‘AI इम्पैक्ट समिट’ के दौरान प्रदर्शन करने वाले इंडियन यूथ कांग्रेस के 4 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया गया है। इन चारों के नाम कृष्णा हरि, यूथ कांग्रेस नेशनल सेक्रेटरी, कुंदन यादव बिहार यूथ कांग्रेस के सचिव, अजय कुमार यूपी यूथ कांग्रेस उपाध्यक्ष और नरसिम्हा यादव यूथ कांग्रेस के नेशनल को-ऑर्डिनेटर हैं। पुलिस के मुताबिक सभी आरोपियों को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया जाएगा। इस मामले में दर्ज एफआईआर में कई गंभीर धाराएं जोड़ी गई हैं।
काले छाते से टी-शर्ट तक: ऐसे बदला गया प्रदर्शन का प्लान
सूत्रों के अनुसार, आरोपियों ने शुरुआत में काले छाते पर प्रिंटेड स्टिकर लगाकर भारत मंडपम परिसर में प्रवेश करने की योजना बनाई थी। लेकिन उन्हें शक हुआ कि गेट पर सुरक्षा जांच के दौरान काले छाते पकड़े जा सकते हैं। इसके बाद उन्होंने योजना बदल दी और टी-शर्ट पर प्रिंटेड स्टिकर लगवाकर अंदर जाने का फैसला किया। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ये स्टिकर कहां प्रिंट कराए गए थे और इस पूरी साजिश में कौन-कौन लोग शामिल थे।

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस से हाथापाई, गंभीर धाराएं जोड़ी गईं
दिल्ली पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी के समय आरोपियों ने पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई भी की। इसी आधार पर एफआईआर में अतिरिक्त धाराएं जोड़ी गई हैं। पुलिस बड़ी साजिश की आशंका को देखते हुए मामले की जांच लार्जर कॉन्सपिरेसी के एंगल से भी कर रही है।

भारत मंडपम में सुरक्षा घेरा तोड़कर किया प्रदर्शन
भारत मंडपम में चल रहे ‘AI इम्पैक्ट समिट’ के दौरान प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षा घेरा तोड़कर परिसर में प्रवेश किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद मौके पर मौजूद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। घटना के बाद राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार सुबह 10 बजे कांग्रेस मुख्यालय पर प्रदर्शन करने का ऐलान किया है।

‘देश की छवि खराब करने की साजिश’ का आरोप
बीजेपी सांसद संबित पात्रा ने आरोप लगाया कि यह प्रदर्शन अचानक नहीं था, बल्कि इसकी योजना राहुल गांधी के आवास पर बनाई गई थी। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने इस घटना को देश की छवि खराब करने की साजिश बताया। वहीं, राजद के मनोज झा ने कहा कि देश में गुस्सा जरूर हो सकता है, लेकिन किसी अंतरराष्ट्रीय मंच पर इस तरह का प्रदर्शन करना सही विकल्प नहीं था।
संबित पात्रा की प्रेस कॉन्फ्रेंस का पूरा वीडियो यहां देखें…


