कोच्चि में 21 वर्षीय युवक की नाश्ता करते समय अचानक मौत हो गई। परिवार के साथ खाते हुए वह गिर पड़ा। मौत का कारण हार्ट अटैक या भोजन का सांस नली में फंसना हो सकता है, जिसकी पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से होगी।
कोच्चि: आजकल युवाओं में हार्ट अटैक से मौत के मामले लगातार बढ़ रहे हैं. मौत कब, किसे और कैसे आ जाए, कुछ कहा नहीं जा सकता. केरल से एक ऐसी ही चौंकाने वाली खबर आई है, जहां परिवार के साथ बैठकर नाश्ता कर रहे 21 साल के एक लड़के की अचानक गिरकर मौत हो गई. इस घटना ने परिवार को झकझोर कर रख दिया है.
यह दर्दनाक घटना केरल के कोच्चि में मुनंबम के कुरुप्पस्सेरी में हुई. 21 साल के एंटन की इस तरह अचानक मौत हो गई. एंटन के पिता का नाम अजी है. बताया जा रहा है कि हर रविवार की तरह, एंटन सुबह चर्च गया था. वहां से लौटने के बाद वह अपने परिवार के साथ नाश्ता करने बैठा.
नाश्ते में उसने पहले एक पफ्स खाया और फिर उपमा खाने लगा. उपमा खाते-खाते ही वह अचानक गिर पड़ा. परिवार वाले कुछ समझ पाते, इससे पहले ही वह बेहोश हो गया. उसे फौरन अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों की सारी कोशिशें नाकाम रहीं और उसे बचाया नहीं जा सका. एंटन लॉजिस्टिक्स का छात्र था. उसकी मौत की वजह अभी तक साफ नहीं हो पाई है. आशंका जताई जा रही है कि या तो खाना सांस की नली में फंस गया या फिर उसे अचानक दिल का दौरा पड़ा. मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगी. इस घटना के बाद से परिवार और पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है.
