सार
India Pakistan Conflict: भारत ने पाकिस्तान के किराना हिल्स पर हमले की खबरों को खारिज किया है। सोशल मीडिया पर हमले की अफवाहें फैलीं, लेकिन वायुसेना ने स्पष्ट किया कि उन्होंने किराना हिल्स को निशाना नहीं बनाया।
Operation Sindoor: तीनों सेनाओं की ओर से सोमवार को मीडिया ब्रीफिंग की गई। इस दौरान पाकिस्तान के किराना हिल्स से जुड़ा सवाल किया गया। माना जाता है कि यहां पाकिस्तान ने अपने परमाणु हथियार छिपा रखे हैं। भारत ने किराना हिल्स पर किसी भी हमले की चर्चा को खारिज किया है।
सोशल मीडिया पर इस बात को लेकर चर्चा है कि भारत के किराना हिल्स को निशाना बनाया है। कई लोगों ने वीडियो और नक्शे शेयर करते हुए दावा किया है कि पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के सरगोदा जिले में किराना हिल्स में विस्फोट हुआ है।
किराना हिल्स के पहाड़ों में बनी हैं गुफाएं
किराना हिल्स को पाकिस्तान के रक्षा मंत्रालय का हथियारों का भंडार माना जाता है। ऐसा माना जाता है कि पहाड़ों के भीतर मजबूत गुफाएं हैं। यहां पाकिस्तानी सेना अपने परमाणु हथियार रखती है। मीडिया ब्रीफिंग के दौरान एयर मार्शल एके भारती से पूछा गया कि क्या किराना हिल्स पर हमला हुआ है। इसपर उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा, "हमें यह बताने के लिए धन्यवाद कि किराना हिल्स में परमाणु हथियार हैं। हमें इसके बारे में पता नहीं था। हमने किराना हिल्स पर हमला नहीं किया है, जो कुछ भी वहां है। मैंने कल अपनी ब्रीफिंग में इसकी जानकारी नहीं दी थी।"
6-7 मई को भारत ने आतंक के अड्डों पर किया था अटैक
बता दें कि 22 अप्रैल को आतंकियों ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हमला किया था। इसके चलते 26 लोग मारे गए थे। भारत ने 6-7 मई की रात ऑपरेशन सिंदूर कर इसका बदला लिया। पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में आतंक के अड्डों पर अटैक किया गया। इसके जवाब में पाकिस्तान ने भारत के सैन्य ठिकानों पर हमला करने की कोशिश की। इसे भारत के मजबूत एयर डिफेंस सिस्टम ने रोका। भारत ने पाकिस्तान के अहम एयर बेस पर हवाई हमला कर जवाब दिया।
भारतीय वायु सेना ने पाकिस्तान के अंदर 11 सैन्य स्थलों पर हमला किया। टारगेट में रफीकी, मुरीद, नूर खान, रहीम यार खान, सुक्कुर, चुनियन, पसरूर और सियालकोट के महत्वपूर्ण एयरबेस शामिल थे। पाकिस्तानी सेना के मुख्यालय रावलपिंडी के पास नूर खान एयर बेस पर हमला सबसे महत्वपूर्ण है।
नूर खान एयर बेस से C-130 हरक्यूलिस और IL-78 मिड-एयर रिफ्यूलर जैसे विमान रखे गए हैं। नूर खान रणनीतिक योजना प्रभाग के मुख्यालय के बहुत करीब है। यह पाकिस्तान के परमाणु हथियारों के भंडार की देखरेख करने वाला निकाय है।