How to do yoga properly: योग दिवस पर जानें योग खाली पेट करें या नहीं। योग से पहले फल, ड्राई फ्रूट्स खा सकते हैं, तला-भुना, मसालेदार, दूध, कॉफी, चाय, कोल्ड ड्रिंक ना लें। योग के बाद फल, मूंग दाल चीला, स्मूदी ले सकते हैं।

Yoga on empty stomach or not: हर साल 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य योग के प्रति लोगों को जागरूक करना, इसके फायदे लोगों तक पहुंचाना और इसे अपनी रूटीन का हिस्सा बनाना है। लेकिन योग करते समय अक्सर लोगों का सवाल रहता है कि योग खाली पेट करना चाहिए या कुछ खाने के बाद करना चाहिए? अगर आप भी इसी उलझन में हैं, तो चलिए आज हम आपको बताते हैं योग खाली पेट करना चाहिए या भरे पेट और अगर आप कुछ खाते हैं, तो आपको किन चीजों का सेवन योग करने से पहले और बाद में करना चाहिए...

कैसे करना चाहिए योग (Best time to do yoga in morning)

आयुर्वेद और योग शास्त्र के अनुसार, योग खाली पेट करना सबसे अच्छा माना जाता है। योग के दौरान पेट में खाना होने से शरीर पूरी तरह से योगासनों में फ्लेक्सिबिलिटी नहीं दिखा पाता और मन भी एकाग्र नहीं रहता है, इसलिए आपको खाली पेट या कुछ लाइट मील लेकर ही योग करना चाहिए। योग शास्त्र के अनुसार, योग करने का सबसे सही समय सूर्योदय से पहले 4:30 से 6:30 के बीच में होता है। यह समय शरीर और मन दोनों के लिए सबसे शांत और एनर्जेटिक होता है।

योग करने से कितनी देर पहले कुछ खाएं(Should we eat before yoga)

अगर आप योग करने से पहले कुछ खाना चाहते हैं, तो हैवी मील जैसे पराठा, चावल, पूरी न खाएं या खाने के तीन से चार घंटे के बाद ही योग करें। अगर आप हल्का नाश्ता जैसे फल, ड्राई फ्रूट्स, ओट्स या दलिया खा रहे हैं, तो एक से डेढ़ घंटे का अंतर रखें, उसके बाद योग करें।

योग से पहले क्या खाएं (What to eat before yoga)

अगर आप बिल्कुल खाली पेट योग नहीं कर पाते हैं, बॉडी में कमजोरी महसूस होती है, तो आप योग करने से आधा घंटा पहले एक केला, भीगी हुई किशमिश या बादाम, नींबू, शहद का पानी, नारियल पानी या एक बाउल में ओट्स या मूसली का सेवन कर सकते हैं। ये शरीर को एनर्जी देते हैं और पेट को भारी भी नहीं करते हैं।

योग से पहले क्या नहीं खाएं (Foods to avoid before yoga)

याद रखें कि योग से पहले तला-भुना या मसालेदार खाना नहीं खाए, क्योंकि इससे बॉडी हैवी महसूस होती है और योग करने में फ्लेक्सिबिलिटी नहीं मिल पाती है। ज्यादा मात्रा में दूध या कॉफी का सेवन भी योग से पहले नहीं करना चाहिए। चाय और कोल्ड ड्रिंक योग करने से पहले ना पिएं, मिठाई या ब्रेड जैसी चीजों का सेवन करने से भी बचें।

योग के बाद क्या खाएं (Healthy food after yoga)

अब बात आती है कि योग करने के बाद आपको क्या खाना चाहिए, तो योग के 20 से 30 मिनट बाद आप हल्का और पौष्टिक खाना खा सकते हैं। आप फ्रूट सलाद खा सकते हैं। मूंग दाल का चीला बना सकते है। स्मूदी या शेक पी सकते हैं। उपमा, पोहा, दलिया, हर्बल टी या नींबू पानी का सेवन कर सकते हैं।