गैस की किल्लत के बीच एक टेकी ने खाना पकाने का अनोखा जुगाड़ निकाला। उसने पानी गर्म करने वाली इमर्शन रॉड का इस्तेमाल कर सांभर बना दिया। यह वीडियो इंस्टाग्राम पर वायरल है, जहाँ लोग उसकी रचनात्मकता की तारीफ कर रहे हैं।

कहते हैं कि जरूरत ही आविष्कार की जननी है, और ये बात बार-बार सच साबित होती है। खबर के मुताबिक, ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच चल रहे तनाव की वजह से देश में LPG गैस की किल्लत हो गई है। शादी-ब्याह जैसे फंक्शन वाले कई लोग गैस न मिलने से परेशान हैं। इसके अलावा, शहरों में गैस सिलेंडर की कमी से कई होटल भी बंद हो गए हैं। नौकरी के लिए बड़े शहरों में रहने वाले बहुत से लोग खाना पकाने के लिए गैस की कमी से जूझ रहे हैं। कई लोगों ने करेंट वाले स्टोव या इंडक्शन का रुख किया है, जिनकी मांग अब बढ़ गई है। लेकिन गैस की समस्या से निपटने के लिए यहां एक लड़के ने एक नया एक्सपेरिमेंट किया है, जिसका वीडियो अब खूब वायरल हो रहा है।

जी हां, खाना बनाते-बनाते गैस खत्म हो जाए तो पहले लोग चूल्हा जला लेते थे। लेकिन शहरों में यह मुमकिन नहीं है, क्योंकि वहां लकड़ी वाले चूल्हे होते ही नहीं। ऊपर से युद्ध जैसे हालात की वजह से तुरंत गैस बुक करना भी मुश्किल है। ऐसे में एक लड़के का जुगाड़ कामयाब रहा और उसने बिना गैस के ही सांभर बना दिया। देखिए कैसे...

शहरों में रहने वाले बैचलर अक्सर पानी गर्म करने के लिए वॉटर हीटर (इमर्शन रॉड) रखते हैं, ये तो आप जानते ही होंगे। बस, इसी को देखकर इस लड़के ने खाना पकाने में इसका इस्तेमाल कर लिया। पेशे से टेकी इस लड़के की आउट-ऑफ-द-बॉक्स सोच गैस की कमी के इस दौर में काम कर गई।

इंस्टाग्राम पर वीडियो वायरल, क्रिएटिविटी की हो रही तारीफ

हिमांक वासुदेव नाम के एक शख्स ने इस जुगाड़ का वीडियो अपने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया है, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। लोग लड़के के इस नए आइडिया की खूब तारीफ कर रहे हैं। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि लड़का किचन में एक स्टील के बर्तन में सांभर बनाने की सारी सामग्री डालता है और फिर उसे उबालने के लिए पानी में वॉटर हीटर डाल देता है। यह आइडिया काम कर जाता है और वॉटर हीटर से सांभर उबलने लगता है।

वीडियो को 'गैस गॉन, हीट रॉड ऑन' (Gas gone, heat rod on) कैप्शन के साथ पोस्ट किया गया है। इस वायरल वीडियो पर नेटिजन्स ने कई मजेदार कमेंट्स किए हैं। एक यूजर ने पूछा, 'यह ग्रेवी खाने के लिए है या इससे नहाना है?' एक दूसरे यूजर ने लिखा, 'भाई ने 100% दिमाग का इस्तेमाल किया है।' एक और ने कमेंट किया, 'मुझे यह ट्राई करना है। नई टेक्नोलॉजी है।' कुछ लोगों ने मजाक में लिखा, 'हाथ डालकर टेस्ट चेक करो कैसा है' (ऐसा करने पर करंट लगने से कहानी खत्म होनी गारंटी है)। वहीं एक यूजर ने चेतावनी देते हुए लिखा, 'इमर्शन रॉड पानी गर्म करने के लिए डिजाइन किए गए हैं, सीधे खाना पकाने के लिए नहीं। इन्हें आमतौर पर खाना पकाने के लिए मंजूरी नहीं दी जाती, इससे पेट में गंभीर इन्फेक्शन हो सकता है।' कुल मिलाकर, गैस की कमी के इस समय में यह नया आइडिया कई लोगों का ध्यान खींच रहा है।

यहां देखें वीडियो…

View post on Instagram