अभिनेता विजय की पत्नी संगीता ने 27 साल बाद तलाक की अर्जी दी है। उन्होंने विजय पर एक एक्ट्रेस के साथ अफेयर रखने और क्रूरता का आरोप लगाया है। संगीता ने कहा कि इस रिश्ते से उन्हें सिर्फ दर्द, बेइज्जती और तकलीफ मिल रही है।
चेन्नई: तमिल फिल्मों के 'थलापति' और TVK पार्टी के चीफ विजय की 27 साल पुरानी शादी में भूचाल आ गया है। उनकी पत्नी संगीता स्वर्णलिंगम ने जिला अदालत में तलाक की अर्जी दी है। संगीता ने अपने पति पर धोखा देने (Adultery) और क्रूरता (Cruelty) जैसे बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं।
एक मशहूर एक्ट्रेस के साथ अफेयर का आरोप
'इंडिया टुडे' की एक रिपोर्ट के मुताबिक, 48 साल की संगीता ने यह अर्जी स्पेशल मैरिज एक्ट, 1954 के तहत दी है। उन्होंने आरोप लगाया है कि 51 साल के विजय का एक जानी-मानी एक्ट्रेस के साथ अफेयर चल रहा है। संगीता का कहना है कि उन्हें इस रिश्ते के बारे में 2021 में पता चला था। विजय ने तब रिश्ता खत्म करने का वादा तो किया, लेकिन बिना किसी पछतावे के इसे जारी रखा।
सरेआम बेइज्जती और घूमना-फिरना
संगीता ने अपनी अर्जी में बताया है कि विजय ने उन्हें अपनी सोशल और प्रोफेशनल लाइफ से पूरी तरह दूर कर दिया है। वह उस एक्ट्रेस के साथ विदेश घूमते हैं और पब्लिक इवेंट्स में भी जाते हैं। संगीता का आरोप है कि वो एक्ट्रेस इन ट्रिप्स की तस्वीरें सोशल मीडिया पर डालती हैं, लेकिन विजय ने कभी इस पर आपत्ति नहीं जताई। उन्होंने कहा, "यह मेरे और मेरे बच्चों के लिए लगातार बेइज्जती की वजह बना हुआ है।"
पैसे की तंगी और मानसिक परेशानी
तलाक की अर्जी में संगीता ने कुछ और भी गंभीर बातें बताई हैं। उन्होंने कहा कि विजय ने पहले मिलने वाली सुविधाएं छीन ली हैं और पैसों को लेकर भी पाबंदियां लगा दी हैं। 2024 में विजय के बर्ताव और सोशल मीडिया पर हुए विवादों ने उन्हें बहुत ज्यादा मानसिक तनाव दिया है। उन्होंने कहा, "हमारी शादी अब सिर्फ कागजों पर बची है। इस रिश्ते से मुझे सिर्फ दर्द, बेइज्जती और तकलीफ ही मिल रही है।"
संगीता ने स्पेशल मैरिज एक्ट की धारा 27(1)(a) (एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर) और 27(1)(d) (क्रूरता) के आधार पर तलाक मांगा है। आपको बता दें कि संगीता एक तमिल बिजनेसमैन की बेटी हैं और कभी विजय की बहुत बड़ी फैन हुआ करती थीं। दोनों ने 25 अगस्त, 1999 को हिंदू और ईसाई रीति-रिवाजों से शादी की थी। उनके दो बच्चे हैं- एक बेटा जेसन संजय और एक बेटी दिव्या साशा।


