The Kerala Story 2: Goes Beyond की रिलीज़ पर Kerala High Court के स्टे के बाद ड्रामा हुआ, लेकिन अपील पर रोक हट गई। निर्माता Vipul Shah ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में Anurag Kashyap को जवाब दिया और धर्म टारगेट करने के आरोपों से इनकार किया।
The Kerala Story 2: Goes Beyond की रिलीज़ को लेकर बड़ा ड्रामा देखने को मिला। Kerala High Court के आदेश के बाद फिल्म की रिलीज़ लगभग दो हफ्ते टलती दिखी, लेकिन मेकर्स की अपील पर स्टे हट गया और 27 फरवरी की शाम से फिल्म रिलीज़ हो गई। इस बीच प्रोड्यूसर विपुल शाह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने अनुराग कश्यप की आलोचनाओं पर तीखा हमला किया और धर्म विशेष को निशाना बनाने के आरोपों पर सफाई दी। साथ ही बॉलीवुड माफिय’ जैसे सवालों पर भी दो टूक रिएक्शन दिया।
अनुराग कश्यप को विपुल शाह का तीखा जवाब
विपुल शाह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "अनुराग जी ने That Girl In Yellow Boots (2011) जैसी फिल्म बनाई, जिसमें बेटी और पिता के अनैतिक रिश्ते को दिखाया गया। जब कोई निर्देशक बेटी और पिता के शारीरिक संबंध पर फिल्म बनाता है, तो क्या हमें उसके नजरिए को गंभीरता से लेना चाहिए? यह सवाल हमारे डायरेक्टर कामाख्या नारायण सिंह ने उठाया था।" उन्होंने आगे कहा, "मैं उम्मीद कर रहा था कि अनुराग इस पर रिएक्शन देंगे। शायद कुछ दिनों में वह जवाब दें। मैं व्यक्तिगत तौर पर किसी के विचारों पर टिप्पणी करना पसंद नहीं करता।"
क्या 'द केरल स्टोरी 2' में बनाया गया धर्म विशेष को निशाना?
जब विपुल शाह से कहा गया कि उनकी फिल्म एक खास धर्म को टारगेट करती है, तो उन्होंने कहा, "सबसे पहले, हमने किसी धर्म या समुदाय को निशाना नहीं बनाया है, ना The Kerala Story (2023) में और ना ही The Kerala Story 2 में। अगर अपराधी किसी खास धर्म से है तो मैं क्या करूं? क्या मैं रहमान डकैत को हिंदू दिखाऊं? अगर फिल्म में अपराधी किसी समुदाय से हैं तो मुझे सच्चाई दिखानी होगी। मैं फिल्म और पीड़ितों के दर्द के प्रति ईमानदार रहूंगा।"

'बॉलीवुड माफिया' और अवॉर्ड्स पर भी बोले विपुल शाह
विपुल शाह कहते हैं, "मैं गारंटी देता हूं कि मेरी फिल्म को Filmfare और अन्य कमर्शियल अवॉर्ड्स में नजरअंदाज किया जाएगा। लेकिन उम्मीद है कि National Awards हमारे काम को देखेंगे, और अगर वे हमें सम्मानित करते हैं तो हमें गर्व होगा।" जब एक पत्रकार ने 'बॉलीवुड माफिया' का जिक्र किया तो उन्होंने स्पष्ट कहा, "बॉलीवुड में कोई माफिया नहीं है। मेरी इंडस्ट्री बहुत अच्छी है, यहां कमाल के लोग हैं। इंडस्ट्री मेरे या मेरी फिल्म के खिलाफ नहीं है।"
