यूट्यूबर ध्रुव राठी ने आदित्य धर की आने वाली फिल्म 'धुरंधर 2' को खुला प्रोपेगैंडा बताया है। उनके अनुसार, पहले पार्ट के विपरीत इसमें प्रोपेगैंडा खुलकर दिखाया गया है। रणवीर सिंह अभिनीत यह फिल्म 19 मार्च, 2026 को रिलीज हुई है।

रणवीर सिंह स्टारर और आदित्य धर के डायरेक्शन में बनी 'धुरंधर 2' सिनेमाघरों में आ चुकी है। फिल्म का पहला पार्ट बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट रहा था और अब दूसरा पार्ट भी वैसी ही कामयाबी दोहराता दिख रहा है। लेकिन इसी बीच, मशहूर यूट्यूबर ध्रुव राठी ने फिल्म पर निशाना साधा है और इसे खुला प्रोपेगैंडा बताया है। ध्रुव राठी का कहना है कि फिल्म के पहले पार्ट में प्रोपेगैंडा बहुत चालाकी से छिपाया गया था, लेकिन दूसरे पार्ट में ऐसा नहीं है। उन्होंने कहा कि डायरेक्टर ने ओवर-कॉन्फिडेंस में आकर सब कुछ खुलकर परोस दिया है।

ध्रुव राठी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "मैंने तीन महीने पहले आदित्य धर को बीजेपी का प्रचारक कहा था। अब शायद सब लोग इसे देख लेंगे। पहले पार्ट में प्रोपेगैंडा बहुत महीन था। लेकिन इस बार, ज़्यादा आत्मविश्वास के चक्कर में उन्होंने सब कुछ खुलकर दिखा दिया है। याद है मैंने पहले कहा था कि अच्छी तरह से बनाया गया प्रोपेगैंडा ज़्यादा खतरनाक होता है? खैर, इस बार तो ये ठीक से बना भी नहीं है।"

आपको बता दें कि आदित्य धर की इस फिल्म के पहले पार्ट ने भारत के साथ-साथ विदेशों में, खासकर नॉर्थ अमेरिका, कनाडा, यूके और ऑस्ट्रेलिया में रिकॉर्ड तोड़ कमाई की थी। फिल्म इंडस्ट्री और एग्जिबिटर्स को इसके दूसरे पार्ट 'धुरंधर: प्रतिकार' से भी भारी उम्मीदें हैं।

यह फिल्म B62 स्टूडियोज के प्रोडक्शन में बनी है और इसे जियो स्टूडियोज ने पेश किया है। आदित्य धर ने ही इसे लिखा और डायरेक्ट किया है। ज्योति देशपांडे, लोकेश धर और आदित्य धर इसके प्रोड्यूसर हैं। यह एक मेगा मास एक्शन स्पाई थ्रिलर फिल्म है, जिसे हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ में रिलीज़ किया जाएगा। फिल्म 19 मार्च, 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में दस्तक दे चुकी है।