सार

अनुष्का-विराट के लंदन शिफ्ट होने की खबरों के बीच, माधुरी दीक्षित के पति डॉ. नेने ने खुलासा किया है कि ये स्टार कपल भारत में अपनी प्राइवेसी को मिस कर रहे हैं और अपने बच्चों को एक सामान्य जीवन देना चाहते हैं।

Anushka-Virat Reason To Move London: बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा और उनके पति क्रिकेटर विराट कोहली की तगड़ी फैन फालोइंग है। पिछले एक साल से इस बात की अटकलें लगाई जा रही हैं कि दोनों लंदन शिफ्ट हो गए हैं। उन्हें कई मौकों पर लंदन में घूमते हुए भी देखा गया है, जबकि उनके परिचितों ने भी उनके लंदन शिफ्ट होने के फैसले की पुष्टि की है। वहीं अब माधुरी दीक्षित के पति डॉ. श्रीराम नेने ने उनके लंदन शिफ्ट होने की वजह का खुलासा किया है। इसके साथ ही उन्होंने अनुष्का और विराट से हुई बातचीत का खुलासा भी किया है।

इस वजह से लंदन शिफ्ट हुए अनुष्का-विराट

डॉ. नेने ने कहा, 'मेरे मन में उनके लिए बहुत सम्मान है। हम उनसे कई बार मिल चुके हैं। वो बहुत अच्छे इंसान हैं। मैं आपको कुछ बताऊंगा, और यहीं आप सीखते हैं। हमने एक दिन अनुष्का से बातचीत की, और यह बहुत दिलचस्प था। वो लंदन जाने के बारे में सोच रहे थे, क्योंकि वो भारत में अपनी सफलता का आनंद नहीं ले पा रहे थे और हम उनकी इस परेशानी की सराहना करते हैं, क्योंकि वो जो कुछ भी करते हैं, वो ध्यान आकर्षित करता है। इस वजह से हम आइसोलेट हो जाते हैं। मैं सबके साथ घुल-मिल जाता हूं। मैं काफी बिंदास हूं, लेकिन वहां भी यह चैलेंजिंग हो जाता है। हमेशा एक सेल्फी मोमेंट होता है। यह बुरी तरह से नहीं है, लेकिन एक समय ऐसा आता है जब आप अपने परिवार के साथ डिनर या लंच पर होते हैं और आपके पास कोई सेल्फी लेने आता, तो आपको विनम्र होना पड़ता है। मेरी पत्नी के लिए, यह एक मुद्दा बन जाता है, लेकिन अनुष्का और विराट काफी अच्छे लोग हैं और वो अपने बच्चों को सामान्य तरीके से पालना चाहते हैं।'

विराट कोहली के कोच का खुलासा

वहीं एक इंटरव्यू में बातचीत के दौरान विराट के बचपन के कोच राजकुमार शर्मा ने कहा था कि विराट अपने बच्चों और पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ लंदन जाने का प्लान कर रहे हैं। वो बहुत जल्द भारत छोड़कर शिफ्ट होने वाले हैं। हालांकि, अभी विराट क्रिकेट से दूर अपना ज़्यादातर समय अपने परिवार के साथ बिता रहे हैं।

अनुष्का शर्मा और विराट कोहली ने एक-दूसरे को लंबे समय तक डेट करने के बाद दिसंबर 2017 में इटली में शादी की थी। शादी के बाद से ही यह कपल हमेशा लाइमलाइट से दूर रहना पसंद करता है। साल 2021 में उन्होंने अपनी बेटी वामिका का स्वागत किया, और 2024 में उनके घर बेटे अकाय का जन्म हुआ। दोनों ने अब तक अपने बच्चों को मीडिया की नजरों से दूर रखा है। बीते साल कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि यह कपल अपनी प्राइवेसी बनाए रखने और बच्चों को सामान्य जीवन देने के लिए यूके शिफ्ट होने की योजना बना रहा है। हालांकि, इस बारे में अब तक अनुष्का या विराट की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

आपको बता दें अनुष्का शर्मा इस समय फिल्मों से ब्रेक लेकर अपनी फैमिली के साथ समय बिता रही हैं। वो भारतीय महिला क्रिकेट पर बेस्ड फिल्म चकदा एक्सप्रेस में नजर आने वाली थी। हालांकि, फिर इस फिल्म की रिलीज टल गई है और चह कब रिलीज होगी इसका खुलासा अभी तक नहीं हुआ है।