Cheap Loans in April 2026: अप्रैल 2026 में अगर आप पर्सनल लोन लेने का मन बना रहे हैं, तो बाजार में इस समय काफी अच्छे ऑप्शन मौजूद हैं। सरकारी बैंकों में ब्याज रेट्स महज 8.75% से शुरू हो रही हैं। वहीं प्राइवेट सेक्टर के बैंक 9.50% के शुरुआती रेट्स पर लोन ऑफर कर रहे हैं। हालांकि, हर बैंक की प्रोसेसिंग फीस अलग-अलग है।
Personal Loan Interest Rates April 2026: क्या आप भी इस अप्रैल में पर्सनल लोन लेने का मन बना रहे हैं? अक्सर लोग 'सबसे कम EMI' जैसे ऑफर देखकर खींचे चले जाते हैं, लेकिन रुकिए.. सिर्फ कम EMI देखकर बैंक चुनना आपकी जेब पर बहुत भारी पड़ सकता है। बैंक अक्सर कम EMI का लालच देकर लंबे समय तक आपसे ज्यादा पैसा वसूल लेते हैं। लोन लेने का समझदारी भरा तरीका यह है कि आप ब्याज दरों (Interest Rates), प्रोसेसिंग फीस और लोन चुकाने की कुल कॉस्ट को कंपेयर करें। आइए जानते हैं अप्रैल 2026 में कौन सा बैंक आपको सबसे सस्ता लोन दे रहा है और किन बातों का ख्याल रखना जरूरी है।
अप्रैल 2026 में कौन-सा बैंक दे रहा सबसे सस्ता लोन?
अगर आप सबसे कम ब्याज दर की तलाश में हैं, तो इस महीने सरकारी बैंक बाजी मार रहे हैं। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया (Union Bank) फिलहाल मार्केट में सबसे आकर्षक दरों की पेशकश कर रहा है, जहां ब्याज दरें महज 8.75% से 12.55% के बीच हैं और प्रोसेसिंग फीस भी 1% तक ही सीमित है। इसी तरह, केनरा बैंक (Canara Bank) भी 9.70% की शुरुआती दर और सिर्फ 0.5% की बेहद कम प्रोसेसिंग फीस के साथ एक बेहतरीन विकल्प बना हुआ है। भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की बात करें तो यहां दरें 10% से 15% के बीच वैरी करती हैं, जो आपके क्रेडिट स्कोर पर निर्भर करती हैं। वहीं बैंक ऑफ बड़ौदा में यह रेंज 10.15% से 18% तक जाती है।
प्राइवेट बैंकों में कहां पर्सनल लोन सबसे सस्ता?
प्राइवेट सेक्टर के बड़े बैंकों में एक्सिस बैंक (Axis Bank) अपनी ब्याज दरों की शुरुआत 9.50% से कर रहा है, हालांकि यहां प्रोसेसिंग फीस लोन राशि का 2% तक हो सकती है। HDFC बैंक और ICICI बैंक दोनों ही 9.99% की शुरुआती ब्याज दर के साथ बाजार में टिके हुए हैं। जहां HDFC बैंक अधिकतम ₹6,500 तक की फिक्स्ड प्रोसेसिंग फीस ले रहा है, वहीं ICICI बैंक में यह शुल्क 2% तक जा सकता है। दूसरी ओर, कोटक महिंद्रा बैंक की दरें 10.99% से शुरू हो रही हैं, लेकिन यहां प्रोसेसिंग फीस 5% तक हो सकती है, जिसे ध्यान में रखना बहुत जरूरी है।
लोन लेने से पहले इन 5 बातों को जरूर जान लें
1. ब्याज में छोटा सा भी अंतर
सुनने में 0.5% का अंतर छोटा लग सकता है, लेकिन 3 से 5 साल के लोन में यह हजारों रुपए का फर्क पैदा कर देता है। इसलिए बैंकों की वेबसाइट पर जाकर कैलकुलेटर का इस्तेमाल जरूर करें और देखें कि कुल कितना ब्याज जा रहा है।
2. प्रोसेसिंग फीस का झटका
कई बार ब्याज दर कम दिखाई जाती है लेकिन प्रोसेसिंग फीस बहुत ज्यादा होती है। लोन फाइनल करने से पहले यह जरूर पूछें कि हाथ में आने वाली राशि और चुकाई जाने वाली कुल राशि में कितना अंतर है।
3. समय (Tenure) का सही चुनाव
लोन कितने समय के लिए लेना है, इसका फैसला अपनी मंथली इनकम को ध्यान में रखकर करें। बहुत लंबा समय चुनने से आपकी EMI तो छोटी हो जाएगी, लेकिन बैंक आपसे दोगुना ब्याज वसूल लेगा।
4. सिबिल स्कोर (Credit Score)
अगर आपका सिबिल स्कोर 750 से ऊपर है, तो आप बैंक से बेहतर शर्तों पर मोलभाव (Negotiate) कर सकते हैं। कम स्कोर होने पर बैंक न सिर्फ लोन रिजेक्ट कर सकते हैं, बल्कि आपसे ज्यादा ब्याज भी वसूलते हैं।
5. छिपे हुए चार्ज (Hidden Charges)
बैंक से फाइल चार्जेस, बाउंस चार्ज और समय से पहले लोन बंद करने की पेनल्टी (Foreclosure charges) के बारे में खुलकर बात करें। कई बार ये हिडन चार्जेस आपकी बचत को खत्म कर देते हैं।
डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में दी गई जानकारी सिर्फ जागरूकता और शिक्षा (Information & Education) के लिए है। यह किसी भी तरह की पेशेवर निवेश या लोन लेने की सलाह नहीं है। बैंकों की ब्याज दरें, प्रोसेसिंग फीस और नियम समय-समय पर बदलते रहते हैं, जो आपके क्रेडिट स्कोर और बैंक की पॉलिसी पर निर्भर करते हैं। यहां दिए गए डिटेल्स बैंक की ऑफिशियल वेबसाइट्स से लिए गए हैं। किसी भी बैंक में लोन के लिए अप्लाई करने या किसी दस्तावेज पर साइन करने से पहले संबंधित बैंक की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर नियमों और शर्तों को ध्यान से पढ़ें और अपने वित्तीय सलाहकार (Financial Advisor) से सलाह जरूर लें।


