सार

सुनीता विलियम्स (Sunita Williams) और बुच विल्मोर, जो ISS में फंसे हुए थे, अब धरती पर लौटने वाले हैं। SpaceX का क्रू-10 मिशन उन्हें वापस लाएगा।

Sunita Williams Return To Earth: अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर ISS (International Space Station) में लंबे समय से फंसे हुए हैं। इन दिनों वे धरती पर लौटने की तैयारी कर रहे हैं। दोनों पिछले साल जून में बोइंग के नए स्टारलाइनर कैप्सूल में सवार होकर ISS गए थे। उनका मिशन 8 दिनों का था। तकनीकी खराबी के कारण वे ISS में फंस गए।

अब, करीब 10 महीने बाद NASA और SpaceX ने अंतरिक्ष यात्रियों की वापसी का कार्यक्रम तय कर लिया है। स्पेसएक्स का क्रू-10 मिशन 12 मार्च को लॉन्च होगा। यह विलियम्स और विल्मोर को लेकर 19 मार्च को धरती पर आएगा।

कौन हैं सुनीता विलियम्स?

सुनीता विलियम्स का जन्म 19 सितंबर 1965 को अमेरिका के ओहियो के यूक्लिड में डॉ. दीपक और बोनी पंड्या के घर में हुआ था। उन्हें और उनके पति माइकल को अपने कुत्तों के साथ घूमना, कसरत करना, हवाई जहाजों पर काम करना और कैंपिंग पसंद है। सुनीता विलियम्स ने फिजिक्स से स्नातक किया है। उन्होंने फ्लोरिडा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से इंजीनियरिंग में मास्टर्स की डिग्री ली है।

सुनीता विलियम्स कितनी बार गईं अंतरिक्ष

अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने पहली बार 1998 में सुनीता विलियम्स को अंतरिक्ष यात्री चुना था। सुनीता विलियम्स सबसे पहले 9 दिसंबर 2006 को अभियान 14/15 के लिए अंतरिक्ष गईं थीं। वह 22 जून 2007 तक अंतरिक्ष में रहीं। उन्होंने फ्लाइट इंजीनियर के रूप में काम किया था। उन्होंने 29 घंटे और 17 मिनट की कुल अवधि के साथ चार अंतरिक्ष चहलकदमी करके महिलाओं के लिए विश्व रिकॉर्ड बनाया था। सुनीता विलियम्स दूसरी बार अभियान 32/33 के लिए 14 जुलाई से 18 नवंबर 2012 तक अंतरिक्ष में रहीं। तीसरी बार वह 5 जून 2024 को बोइंग के स्टारलाइनर अंतरिक्ष यान पर सवार होकर गईं थीं। वह 6 जून को अंतरिक्ष स्टेशन पहुंचीं। NASA द्वारा स्टारलाइनर को बिना चालक दल के वापस लौटने के निर्णय के बाद वह ISS में रह गईं थीं।