सार
Russia-Ukraine war: रूस और यूक्रेन ने तीन दिवसीय प्रक्रिया में 1000-1000 कैदियों का आदान-प्रदान किया। युद्ध शुरू होने के बाद यह सबसे बड़ा मानवीय कदम है।
Russia-Ukraine war: रूस और यूक्रेन के बीच तीन दिन तक चले मानवीय प्रयास के अंतर्गत रविवार को दोनों देशों ने 303-303 कैदियों की अदला-बदली की। यह प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू हुई थी और इसमें कुल 1000-1000 कैदियों की रिहाई हुई है। इनमें 120 नागरिक भी शामिल हैं।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने टेलीग्राम पर लिखा: आज हमारे सशस्त्र बलों, नेशनल गार्ड, स्टेट बॉर्डर गार्ड सर्विस और ट्रांसपोर्ट सर्विस के योद्धा घर लौट रहे हैं।
तीन वर्षों बाद हुई पहली सीधी बातचीत का मानवीय नतीजा
16 मई को दोनों देशों के बीच तीन वर्षों में पहली सीधी वार्ता हुई, जहां भले ही युद्धविराम पर सहमति नहीं बनी लेकिन कैदियों की रिहाई पर सहमति हुई। यह अब तक का सबसे बड़ा सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।
अमेरिका और पश्चिमी देशों ने युद्ध को रोकने के लिए 30 दिनों का बिना शर्त युद्धविराम लागू करने की मांग की है, ताकि शांति वार्ता का रास्ता निकाला जा सके।
अब तक के सबसे भीषण हवाई हमले में 12 की मौत
इसी बीच, रूस ने यूक्रेन के शहरों पर अब तक का सबसे बड़ा हवाई हमला किया। शनिवार रात हुए हमले में 367 ड्रोन और मिसाइलें दागी गईं, जिनमें राजधानी कीव (Kyiv) भी निशाने पर थी। इस हमले में 12 नागरिकों की मौत और दर्जनों घायल हुए। रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उन्होंने 95 यूक्रेनी ड्रोन को नष्ट कर दिया। वहीं, मॉस्को के मेयर सर्गेई सोब्यानिन ने बताया कि राजधानी की ओर आ रहे 12 यूक्रेनी ड्रोन को रोका गया।
रूस का दीर्घकालिक शांति प्रस्ताव लाने का दावा
रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने शुक्रवार को कहा कि जैसे ही कैदियों का आदान-प्रदान पूरा हो जाएगा, रूस यूक्रेन को दीर्घकालिक शांति समझौते का मसौदा पेश करने को तैयार है। हालांकि, इस बीच दोनों देशों की सेनाएं अभी भी युद्ध के मोर्चे पर डटी हुई हैं और हवाई हमले लगातार हो रहे हैं।
युद्ध की भयावहता और मानवीय कीमत
युद्ध की शुरुआत के बाद से अब तक लाखों सैनिकों की मौत या घायल होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, कोई भी पक्ष आधिकारिक आंकड़े सार्वजनिक नहीं करता। साथ ही, हजारों यूक्रेनी नागरिक रूसी हमलों में मारे जा चुके हैं, जिनमें बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।