सार

हॉलीवुड एक्टर जीन-क्लाउड वान डैम पर रोमानिया से तस्करी कर लाई गई 5 महिलाओं के साथ संबंध बनाने का आरोप है। एक्टर के खिलाफ आपराधिक शिकायत दर्ज की गई है।

Jean Claude Van Damme: Hollywood के बड़े एक्टर जीन-क्लाउड वान डैम (Jean-Claude Van Damme) पांच महिलाओं के साथ संबंध बनाने के चलते बड़ी मुसीबत में फंस गए हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार जीन क्लाउड ने स्वीकार किया था कि उन्होंने महिलाओं को गिफ्ट माना और उनके साथ यौन संबंध बनाए।

एक्टर ने जिन महिलाओं के साथ संबंध बनाए उन्हें रोमानिया से तस्करी कर लाया गया था। इसके चलते रोमानिया में एक्टर के खिलाफ आपराधिक शिकायत दर्ज की गई है। चैनल एंटेना 3 की रिपोर्ट के अनुसार 64 साल के एक्टर पर मोरेल बोलिया के नेतृत्व वाले एक आपराधिक नेटवर्क से गिफ्ट के रूप में 5 रोमानियाई महिलाओं को स्वीकार करने का आरोप है।

रोमानियाई अधिकारियों ने संगठित अपराध और आतंकवाद जांच निदेशालय (DIICOT) में शिकायत दर्ज कराई है। आरोप लगाया गया है कि जीन-क्लाउड को पता था कि महिलाएं मानव तस्करी की शिकार थीं। घटना फ्रांस के कान्स में वैन डेम द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान घटी थी। महिलाओं में से एक ने गवाही दी, जिसके बाद DIICOT ने जांच शुरू की।

महिलाएं असुरक्षित स्थिति में थीं, शोषण के साफ संकेत थे

पीड़ितों में से एक के वकील एड्रियन कुकुलिस ने कहा, "महिलाएं असुरक्षित स्थिति में थीं। शोषण के स्पष्ट संकेत थे। आपराधिक समूह बनाने और तस्करी के आरोप में जांच के घेरे में आए कई रोमानियाई लोगों ने जीन क्लाउड वैन डैम को 5 रोमानियाई महिलाओं की पेशकश की। एक्टर को पता था कि महिलाओं की क्या स्थिति है।"

बता दें कि यह इस तरह का रोमानिया का दूसरा हाई-प्रोफाइल मामला है। इससे पहले एंड्रयू और ट्रिस्टन टेट को 2022 में यौन तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। हाल ही में उन्हें देश छोड़ने की अनुमति दी गई थी।

कौन हैं जीन-क्लॉड वान डैम?

जीन-क्लाउड वैन डेम बेल्जियम मार्शल आर्टिस्ट, एक्टर और फिल्म निर्माता हैं। उन्होंने ब्लडस्पोर्ट (1988), किकबॉक्सर (1989) और यूनिवर्सल सोल्जर (1992) जैसी एक्शन फिल्मों में काम किया है।