यूक्रेन में रूसी सैनिकों पर कथित नरभक्षण के आरोप लगे हैं। यूक्रेनी खुफिया एजेंसी ने भोजन की कमी को वजह बताते हुए 5 ऐसे मामलों का दावा किया है। रूस ने इन आरोपों को यूक्रेनी साजिश बताकर खारिज कर दिया है।

कीव: यूक्रेन के साथ 4 साल से चल रही जंग कथित तौर पर रूसी सैनिकों को आदमखोर बना रही है। इसका सबूत एक ऑडियो रिकॉर्डिंग को माना जा रहा है, जिसमें एक यूक्रेनी सैनिक अपने सीनियर अफसर को इस बारे में बता रहा है। ऑडियो में यूक्रेनी सैनिक कह रहा है, ‘एक रूसी सैनिक ने अपने दो साथियों को मार डाला। फिर उनमें से एक का पैर काटकर खाने लगा। जब हम उसकी लोकेशन पर पहुंचे, तो वो एक मीट ग्राइंडर के साथ कुछ कर रहा था। बाद में उसे भी मार दिया गया।’ इसी ऑडियो में यूक्रेनी सैनिक यह चेतावनी भी देता है, ‘हमारे सैनिक भी कमजोर पड़ रहे हैं। कहीं ऐसा न हो कि एक दिन वे एक-दूसरे को ही खाने लगें।’

लाशें खाने के मामले भी सामने आए

यूक्रेन की खुफिया जानकारी के मुताबिक, अब तक ऐसे 5 मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें रूसी सैनिकों ने अपने साथियों या लाशों को खाया है। कहा जा रहा है कि लंबे समय से चल रही लड़ाई की वजह से ठीक से खाना नहीं मिल रहा, जिस कारण सैनिक इस हद तक पहुंच गए हैं।

रूस का इनकार, बताया यूक्रेन की साजिश

रूस ने अपने सैनिकों पर लगे इन घिनौने आरोपों को खारिज कर दिया है। रूस का कहना है कि 'यह यूक्रेनी खुफिया एजेंसी की एक चाल है और इन बातों में कोई सच्चाई नहीं है।'