Bulandshahr murder case: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में एक युवक की हत्या के मामले ने पूरे इलाके को हिला दिया है। यह कोई साधारण मर्डर नहीं, बल्कि एक लव-ट्रैंगल की कहानी है, जिसमें प्रेम, अवैध संबंध, धोखा और खून सब कुछ शामिल है।

किसने और किसकी की हत्या?

हत्या की यह वारदात गाजियाबाद निवासी 32 वर्षीय अमित चौधरी और उसकी पत्नी प्रियंका (31) ने मिलकर अंजाम दी। मृतक युवक की पहचान अब्दुल वाहिद के रूप में हुई है, जो डासना कस्बे का निवासी था।

हत्या की क्या थी वजह?

वाहिद और प्रियंका के बीच लंबे समय से अवैध संबंध थे। दोनों एक-दूसरे से मिलते थे, जब प्रियंका का पति घर पर नहीं होता। लेकिन जब अमित को पत्नी के इस रिश्ते की भनक लगी तो उसने विरोध किया और पत्नी को संबंध तोड़ने के लिए मजबूर किया। प्रियंका ने भी प्रेमी वाहिद को स्पष्ट कह दिया— "सुनो! अब हम संबंध नहीं बनाएंगे, मेरे पति को सब पता चल गया है।" लेकिन वाहिद नहीं माना। उसने जबरदस्ती संबंध बनाए रखने की जिद की और कहा कि वह पीछे नहीं हटेगा।

हत्या की रात: गुस्सा, बहस और खून 

वाहिद एक दिन फिर प्रियंका के घर आ धमका। प्रियंका ने तत्काल अपने पति अमित को फोन कर बुलाया। जब अमित घर पहुंचा, तो वाहिद से बहस शुरू हो गई। गुस्से में अमित ने प्रियंका से कहा कि वो उसे सबक सिखाए। प्रियंका ने लोहे की पाइप उठाई और वाहिद के सिर पर जोरदार वार किया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

लाश ठिकाने लगाने की साजिश 

हत्या के बाद दोनों ने वाहिद की लाश को चादर में लपेटा, कार में डाला और बुलंदशहर के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के जंगल में ले जाकर फेंक दिया। उसकी मोपेड को घर के पास झाड़ियों में छिपा दिया गया।

25 जून को गुमशुदगी, 28 जून को शव बरामद 

वाहिद के बेटे हामिद अली ने 25 जून को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। 28 जून को पुलिस को उसका शव झाड़ियों में मिला। जांच के बाद पुलिस ने प्रियंका और अमित को गिरफ्तार किया, जिन्होंने अपराध कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपियों को जेल भेज दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।