सार

राजस्थान से बारात लेकर दूल्हा उत्तर प्रदेश के गोरखपुर  पहुंचा, लेकिन दुल्हन फरार मिली। गांव वालों ने दूल्हे की उम्र ज्यादा बताकर उसकी पिटाई कर दी। दूल्हा बिना दुल्हन के वापस लौटाना पड़ा।

जयपुर. इन दिनों शादियों का सीजन चल रहा है।  राजस्थान के एक लड़के की शादी उत्तरप्रदेश के गोरखपुर में तय हुई। दूल्हा और बारात राजस्थान से रवाना होकर उत्तर प्रदेश पहुंच गई। लेकिन दुल्हन वहां पहले से ही फरार हो चुकी थी। जैसे ही दूल्हा शादी के पंडाल में पहुंचा तो वहां उसे दुल्हन के फरार होने का पता चला। इतना ही नहीं गांव के लोगों ने दूल्हे की उम्र अधिक बताकर उसे पीट डाला। अब दूल्हा बिना दुल्हन लिए ही वापस राजस्थान लौट चुका है। 

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर का है पूरा मामला

पूरी घटना उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के गुलरिहा इलाके की है। यहां के रहने वाले एक एजेंट ने लड़की की शादी राजस्थान में तय की। दूल्हा और दुल्हन ने शादी होने के पहले एक दूसरे का फोटो देखकर पसंद किया और इसी के बाद बात आगे बढ़ती गई और अंत में शादी की तारीख भी फिक्स हो गई। परिवार के लोग राजस्थान से बारात लेकर उत्तर प्रदेश के गोरखपुर पहुंच गए। जहां उन्हें शादी के पंडाल में जाने के बाद पता लगा कि दुल्हन तो फरार हो चुकी है। 

दुल्हन की छोटी बहन से कराने लगे दूल्हे की शादी

कुछ लोग वहां दूल्हे की शादी दुल्हन की छोटी बहन से करवाने की सलाह देने लगे। परिवार इस पर सहमत भी हो गया। लेकिन इसके बाद अचानक कुछ लोग पंडाल में आए और कहने लगे कि दूल्हे की उम्र ज्यादा है। इसके बाद दूल्हे की उम्र को लेकर दोनों पक्षों के बीच तकरार हुई। दुल्हन के घर वालों ने दूल्हे की जमकर पिटाई की। लोगों के समझाने के बाद मामला शांत हुआ। लेकिन अब राजस्थान का दूल्हा बिना दुल्हन लिए ही वापस अपने घर लौट गया है।

इतना सब कुछ हो गया…लेकिन पुलिस को भनक तक नहीं

दोनों पक्षों की ओर से उत्तर प्रदेश की पुलिस को इस बारे में कोई भी सूचना नहीं दी गई। हालांकि अब देखना होगा कि दूल्हे का परिवार इस संबंध में पुलिस में कोई मुकदमा दर्ज करवाता है या नहीं। ऐसे मामलों में पुलिस मुकदमा दर्ज होने के बाद ही कार्रवाई करती है।