चंडीगढ़. पंजाब. चंडीगढ़ से सटे पंचकूला स्थित छोटा त्रिलोकपुर के एक आश्रम के ढोंगी बाबा को लेकर नया खुलासा हुआ है। बाबा ने भूत-प्रेत का डर दिखाकर दो सगी बहनों के साथ रेप किया था। पुलिस को आशंका है कि बाबा की और भी कई करतूतों का खुलासा हो सकता है। पाखंडी बाबा पर आरोप है कि उसने लगातार तीन दिनों तक दोनों बहनों के साथ रेप किया। दोनों बहनों को उनका भाई आश्रम में लेकर आया था। दोनों बहनें बीमार हैं। अंधविश्वास के चलते उन पर भूत-प्रेत का साया बता दिया गया था। आरोपी को बुधवार को अरेस्ट किया गया था। उसे गुरुवार को जेल भेज दिया गया। जानकारी के मुताबिक, पीड़ित बहनें हिमाचल प्रदेश के बद्दी की रहने वाली हैं। 25 जनवरी को दोनों बहनें अपने भाई के साथ आश्रम पहुंची थीं। 48 साल के बाबा लक्ष्यनंद ने भाई और बहनों को अलग-अलग कमरों में ठहराया था। इसके बाद बाबा ने लगातार तीन दिनों तक दोनों बहनों का शारीरिक शोषण किया। हैरानी की बात यह है कि भाई को इस बारे में कोई खबर तक नहीं हुई। बहनें भी आश्रम में चुप बनी रहीं।