Maharashtra Crime: महाराष्ट्र के एक स्कूल में शिक्षकों ने 5-10 साल की बच्चियों को अपने कपड़े उतारने के लिए मजबूर किया। इसके बाद उनकी जांच की गई। यह सब स्कूल के बाथरूम में खून के निशान मिलने के बाद हुआ। इस घटना से स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए हैं। मामला पुलिस तक पहुंच गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना मंगलवार को ठाणे के शाहपुर जिले के आरएस दमानी स्कूल में घटी। स्कूल के बाथरूम में खून के निशान थे। इसकी जानकारी स्कूल प्रशासन को मिली तो जांच के लिए 5-10 साल की बच्चियों को बाथरूम में बुलाया गया।

पीरियड्स की जांच के लिए बच्चियों के कपड़े उतरवाए 

बच्चियों से उनके पीरियड्स के बारे में पूछा गया। परिजनों ने आरोप लगाया है कि कुछ बच्चियों को जांच के लिए उनके कपड़े उतारने को मजबूर किया गया। NDTV की रिपोर्ट के अनुसार एक परिजन ने कहा, "मेंस्ट्रुएशन प्राकृतिक प्रक्रिया है। छात्राओं को इसके बारे में ठीक तरह से शिक्षा देनी चाहिए थी। इसकी जगह प्रिंसिपल ने उनपर मानसिक दबाव डाला। यह घिनौना और शर्मनाक है। हमारी मांग है कि आरएस दमानी स्कूल के प्रिंसिपल के खिलाफ केस दर्ज किया जाए। उसे गिरफ्तार किया जाए।"

इस घटना से स्कूल की छात्राओं को सदमा लगा। उन्होंने अपने परिजनों को घटना के बारे में बताया। जैसे-जैसे घटना के बारे में परिजनों को जानकारी मिली वे स्कूल पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने इस घटना को लेकर केस दर्ज किया है और प्रिंसिपल से पूछताछ की है।